madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Brutal murder of a woman, body cut into three pieces and thrown in sacks

Brutal murder of a woman, body cut into three pieces and thrown in sacks

महिला की नृशंस हत्या, तीन टुकड़े कर बोरियों में भरकर फेंका शव

बीनागंज क्षेत्र के खातोली में लाल चौक के पास सरकारी राशन की दुकान के परिसर में एक खंडहरनुमा भवन से पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया। शव को तीन टुकड़ों में काटकर बोरों में भरकर फेंका गया था। एक बोरे में महिला का सिर तो दूसरे में दोनों हाथ सहित धड़ व तीसरे बोरे में पैर मिले।

गुना। जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के तहत बीनागंज कस्बे में सोमवार दोपहर को एक अज्ञात महिला का शव मिला। शव को तीन टुकड़ों में काटकर बोरियों में बंद कर फेंका गया था। मामले में पुलिस महिला की पहचान करने में जुटी गई है। वहीं हत्या के इस मामले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव तीन अलग-अलग बोरों में मिला। शव के तीन टुकड़े कर बोरों में बंद कर शव फेंका गया था। शव की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस महिला की पहचान करने में जुट गई।

भिनभिना रही थीं मक्खियां —

चांचौड़ा थाना प्रभारी मचल सिंह मंडेलिया ने बताया कि बीनागंज क्षेत्र के खातोली में लाल चौक के पास सरकारी राशन की दुकान के परिसर में एक खंडहरनुमा भवन में ग्रामीणों को तीन बोरे दिखाई दिए, जिन पर मक्खी भिनभिना रही थीं। ऐसे में ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तीनों बोरों को खोलकर देखा तो वह सन्न रह गए। बोरों में अज्ञात महिला के शव के टुकड़े मिले। एक बोरे में महिला का सिर तो दूसरे में दोनों हाथ सहित धड़ व तीसरे बोरे में पैर मिले।

पुलिस का कहना है कि शव 24 से 36 घंटे पुराना ही है। महिला की हत्या करने के बाद उसके शव को तीन हिस्सों में धारदार हथियार से काटने के बाद बोरों में बंद कर फेंका गया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सबसे पहले महिला की पहचान के लिए प्रयास शुरू किए हैं।

हाथ पर नाम का टैटू —

पुलिस ने बताया कि महिला के शव के एक हाथ पर सुनीता और एक अन्य नाम गुदा मिला है। महिला के एक हाथ में कंगन है तो दोनों पैरों में बिना घुंघरू की पायल हैं। वहीं बोरों में दो साड़ी एक पीले और नीले रंग की फूलछाप वाली मिली हैं। शरीर पर सिर्फ ब्लाउज और अंतर्वस्त्र हैं। मंगलवार को अस्पताल में महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

कंडम टैंकर के पास पड़े थे बोरे —

अज्ञात महिला का शव शासकीय उचित मूल्य की दुकान के परिसर में खराब पड़े केरोसिन के टैंकरो के पास तीन बोरों में मिला है। खातोली गांव बीनागंज से लगा हुआ है और एसडीओपी कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। वहीं नेशनल हाईवे 46 के समीप स्थित है।

एक साल से बंद है दुकान —

अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस डॉग स्क्वाड की मदद भी लेगी। लोगों ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से खातौली तिराहे पर स्थित उचित मूल्य की दुकान बंद है। उचित मूल्य की दुकान के बाहर केरोसिन के टैंकर कंडम स्थिति में पड़े हुए हैं। काफी समय से कोई कंडम पड़े टैंकरों की तरफ जाता भी नहीं है।

साभार नईदुनिया।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

>
error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!