दिग्विजय सिंह ने छतरपुर में कांग्रेस समर्थक की हत्या के विरोध में दिया धरना, आरोपितों के गिरफ्तारी की मांग।
छतरपुर में शुक्रवार को मतदान से पहले युवक की हत्या के बाद शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस समर्थक मृतक सलमान के स्वजन के साथ देर शाम तक धरना दिया।
छतरपुर। मध्य प्रदेश में एक कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत से सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस इस मौत को हत्या बताते हुए बीजेपी नेता पर आरोप लगा रही है। बुंदेलखंड में छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को मतदान से पहले युवक की हत्या के बाद शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह खजुराहो पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस समर्थक मृतक सलमान के स्वजन के साथ देर शाम तक धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों पर नामजद रिपोर्ट है, इसके बाद भी आरोपितों को पकड़ा नहीं गया है।
सलमान के परिवार को गोद लेने का आश्वासन
दिग्विजय सिंह ने कहा कि विक्रम सिंह नातीराजा को बचाकर सलमान खुद शहीद हो गया। कांग्रेस सलमान के परिवार के साथ है और सलमान के परिवार को गोद लिया जाएगा। मीडिया के सवाल के जवाब में दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपाई इस घटना को हादसा बता रहे हैं, लेकिन यह हत्या है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को लेकर कहा कि वह हादसा बता रहे हैं, उन्हें खेद व्यक्त करना चाहिए। धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने हत्या के आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की।

संबंधित समाचार ---
भोजशाला, 100 साल का इंतजार खत्म, कोर्ट ने कहा – मंदिर है
मंदिर या मस्जिद? आज होगा फैसला, पुलिस की सख्त चेतावनी चप्पे-चप्पे पर नजर
जज की बहू की संदिग्ध मौत, भाई ने लगाए गंभीर आरोप