Home » मध्यप्रदेश » दो जगह बवाल: मंडी से घर तक मारपीट, गाली-गलौज और धमकी, तीन गिरफ़्तार

धार। शहर में बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए विवादों ने हिंसक रूप ले लिया। एक ओर सब्जी मंडी में समझाने पहुंचे युवक पर हमला हुआ, वहीं दूसरी ओर त्रिमूर्ति नगर में घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सब्जी मंडी में समझाना पड़ा भारी —

कोतवाली थाना क्षेत्र में आरटीओ के सामने स्थित सब्जी मंडी में 8 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे कुछ लोग आपस में विवाद कर रहे थे। फरियादी जब उन्हें समझाने पहुंचा तो आमखेड़ा निवासी भैरु, रुपेश और उनके साथियों ने उसे ही निशाना बना लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए भैरु ने लकड़ी से हमला कर दिया, जिससे फरियादी की कोहनी में चोट आई।

बीच-बचाव करने आए उसके भाई संजू और राजेश को भी आरोपियों ने पीट दिया। इस दौरान राजेश को कलाई और पसली में अंदरूनी चोट आई, जबकि संजू की आंख के पास चोट लगी। आरोपियों ने सभी को जान से मारने की धमकी भी दी।

घर में घुसकर परिवार पर हमला —

वहीं, दूसरे मामले में त्रिमूर्ति नगर निवासी संतोष पाण्डेय के घर में घुसकर मारपीट की गई। घटना सुबह 11:30 से 11:40 बजे के बीच की है, जब कुश और उसके साथियों ने प्लॉट पर तस्वीर लगाने की बात को लेकर विवाद किया।

आरोप है कि आरोपी घर के अंदर घुसे और गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों से मारपीट की। इस हमले में संतोष पाण्डेय की बहू बंदिता को सीने पर चोट लगी, जबकि बेटे लोकेश के मुंह पर और अतुल पाण्डेय के गर्दन व शरीर में अंदरूनी चोटें आईं। आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने दर्ज किए केस —

दोनों मामलों में कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दीपक सिंह चौहान – थाना प्रभारी कोतवाली धार।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

>
error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!