बड़ा हादसा… चैंबर साफ करने उतरे दो निगम कर्मियों की मौत, चोइथराम मंडी में जहरीली गैस ने ली जान।
इंदौर। शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित चोइथराम सब्जी मंडी में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना घटी। सीवर चैंबर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से नगर निगम के दो सफाईकर्मियों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान करण और अजय के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार, नगर निगम के सफाई कर्मचारी सक्शन टैंकर लेकर शाम करीब 6:30 बजे चोइथराम मंडी गेट पर सीवर सफाई के लिए पहुंचे थे। सफाई के दौरान सक्शन टैंकर का पाइप निकालते समय उसका एक टुकड़ा दुर्घटनावश सीवर टैंक के अंदर गिर गया। उसी टुकड़े को बाहर निकालने के लिए करण और अजय एक-एक कर टैंक के भीतर उतरे, लेकिन वहां मौजूद अत्यधिक जहरीली गैस के कारण वे बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी जान चली गई।
बचाव कार्य और पुलिस की कार्रवाई
हादसे के दौरान वहां मौजूद एक अन्य सफाई कर्मचारी और एक स्थानीय नागरिक ने भी जांबाजी दिखाते हुए दोनों को बचाने के लिए टैंक में छलांग लगाई। हालांकि, स्थिति बिगड़ती देख उन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर करण और अजय के शवों को बाहर निकाला।
फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संबंधित समाचार ---
शहर के नागरिकों के लिए गर्व की बात, अब उन्हें गंभीर इलाज और जटिल ऑपरेशनों के लिए बड़े महानगरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा
नानन्दखेड़ा ग्राम पंचायत के फर्जीवाड़े को बचाने में क्यों लगे अधिकारी
दूसरे की ज़मीन दिखाकर 8 लाख रुपये की ठगी, पुलिस ने दो आरोपियों पर दर्ज किया मामला