Home » मध्यप्रदेश » अतिक्रमण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, किसानों के फसल बीमा सहित कई समस्याओं को सुना

अतिक्रमण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, किसानों के फसल बीमा सहित कई समस्याओं को सुना

जनसुनवाई में 58 आवेदन, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश।

धार। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को 58 आवेदनों पर सुनवाई हुई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को तय समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सभी प्रकरणों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि आम लोगों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

सुनवाई के दौरान कई अहम मामले सामने आए। पुनर्वास धरमपुरी की प्राथमिक शिक्षक शारदा मुवेल ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर गलत जानकारी दिए जाने की जांच की मांग की। बदनावर के ग्राम पंचमुखी की दुगाबाई ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की राशि बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा नागदा द्वारा नहीं दिए जाने की शिकायत की। मनावर के ग्राम गणपुर की सुमिता ने असंगठित श्रमिक योजना में पंजीयन के बावजूद पति की मृत्यु के बाद लाभ नहीं मिलने की समस्या बताई।

इसके अलावा संबल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आर्थिक सहायता, अतिक्रमण हटाने, इलाज सहायता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रतिनियुक्ति, अधिक विद्युत बिल, फसल बीमा, वेतनमान, सड़क दुर्घटना बीमा, न्यायालयीन आदेशों के पालन, अनुकंपा नियुक्ति, सेवानिवृत्ति भुगतान, सामान्य भविष्य निधि तथा मनरेगा भुगतान से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

>
error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!