शिवपुरी। करैरा में शनिवार सुबह करीब 11 बजे अज्ञात बदमाशों ने 57 वर्षीय वकील संजय कुमार सक्सेना की गोली मारकर हत्या कर दी। वह निचली बस्ती से गुर्जर दरवाजे होते हुए जंगल के सुनसान रास्ते से बाइक पर सवार होकर न्यायालय जा रहे थे।
जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है, उसे देखकर यह अंदेशा है कि बदमाशों ने पहले उनके आने-जाने के रास्ते की रैकी की है और इसके बाद घात लगाकर उनके सीने में गोली उतार दी। पुलिस का मानना है कि आरोपितों ने वकील को रोककर बहुत पास से गोली मारी है।
स्वजन ने कमलेश पुत्र ओमप्रकाश शर्मा, सुनील पुत्र रमेश शर्मा, करण खंगार व आशीष खंगार पर हत्या का संदेह जताया है। बताया कि दो-तीन अन्य लोगों द्वारा भी उन्हें एक केस को लेकर करीब छह माह से लगातार फोन पर धमकी दी जा रही थी।
हालांकि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। अभिभाषक संघ ने भी दो दिन में आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर सोमवार से न्यायालय में काम बंद कर हड़ताल की चेतावनी दी है। शाम करीब सात बजे पुलिस की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया गया।
दूरी कम हो जाए इसलिए जंगल के रास्ते से जाते थे कोर्ट
बताया जा रहा है कि एडवोकेट संजय सक्सेना अगर रोड वाले रास्ते से कोर्ट जाते तो उन्हें करीब आठ किमी की दूरी घर से कोर्ट जाने के लिए तय करनी पड़ती थी। वहीं जंगल वाले सुनसान रास्ते से महज चार किमी की दूरी तय करने पर वह कोर्ट पहुंच जाते थे। यही कारण था कि वह जंगल वाले सुनसान रास्ते का प्रयोग कोर्ट जाने के लिए करते थे। इसी का लाभ हत्यारोपितों ने उठाया है।
हत्या के यह हो सकते हैं कारण
घड़ियाली मोहल्ला में रहने वाले एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना की ग्राम सिंगदौआ दिनारा में पुस्तैनी जमीन है। उस जमीन पर कब्जे को लेर उनका एक ब्राह्मण परिवार से विवाद चला आ रहा है। विवाद को लेकर दिनारा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
संजय सक्सेना ने गांव में किशोरी जाटव की जमीन का केस लड़ा था, जिसमें किशोरी जाटव जीत गया था। केस हारने के बाद से दूसरा पक्ष धमकियां दे रहा था कि वे आगे उनके खिलाफ कोई केस न लड़ें। उन्हें जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी गई थी।
साभार नईदुनिया।

ताजा समाचार (Latest News)
दरिंदगी की हदें पार, MBA छात्रा की हत्या कर निर्वस्त्र शव पलंग पर छोड़ा, संबंध बनाकर वायरल किया था अश्लील वीडियो
स्कूल बस की आइसर से गंभीर भिड़ंत, बच्चों एवं ड्राइवर को गंभीर चोट आई
नशे में धुत पोकलेन ड्राइवर ने सेफ्टी इंजीनियर पर किया हमला