Home » मध्यप्रदेश » रफ्तार का कहर, मातम में बदली खुशियां, दो सड़क हादसों में 2 की मौत; 50 से ज्यादा घायल
Speed ​​wreaks havoc, joy turns to mourning; two road accidents kill 2; more than 50 injured

Speed ​​wreaks havoc, joy turns to mourning; two road accidents kill 2; more than 50 injured

रफ्तार का कहर, मातम में बदली खुशियां, दो सड़क हादसों में 2 की मौत; 50 से ज्यादा घायल

खरगोन। खरगोन में शुक्रवार का दिन हादसों से भरा रहा। दो अलग-अलग सड़क हादसों ने खुशियों को मातम में बदल दिया। महेश्वर क्षेत्र के ग्राम गुर्जर मोहना में बेकाबू पिकअप वाहन ने नाच रहे बारातियों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में एक की मौत और 25 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में दूल्हा और उसकी बहन भी शामिल है।

वहीं सनावद के समीप खंडवा जिले की सीमा में शादी समारोह से मामेरा करके लौट रहा 40 ग्रामीणों से भरा आयशर वाहन पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 28 लोग घायल हो गए। दोनों ही मामलों में पुलिस जांच में जुटी है। दोनों हादसों ने एक बार फिर लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर किया है।

दूल्हा और बहन सहित 25 से अधिक लोग हुए लहूलुहान —

महेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जर मोहना में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारात के दौरान पीछे चल रहे पिकअप वाहन का चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और वाहन नाच रहे बारातियों के बीच घुस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूल्हा राकेश डाबर की बारात सजनीपुरा से बड़ीपुरा जा रही थी। इसी दौरान चालक का पैर एक्सीलेटर पर दब गया, जिससे पिकअप करीब 100 मीटर तक बारातियों को घसीटता हुआ ले गया।

बाद में वाहन नीम के पेड़ से टकराकर पलट गया, जिससे कई बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में दूल्हे सहित 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई के हाथ-पैर फ्रैक्चर हुए हैं। दूल्हे की बहन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल खरगोन रेफर किया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला —

रेफर किए गए एक अन्य व्यक्ति की मौत की सूचना है। सूचना मिलते ही महेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। क्षेत्रीय विधायक राजकुमार मेव भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ओवरटेक के चक्कर में पलटा आयशर —

दूसरा हादसा सनावद के समीप खंडवा जिले के मूंदी-सनावद हाईवे पर ग्राम डूडगांव के पास हुआ। यहां 40 लोगों से भरा आयशर वाहन ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया और पलट गया। हादसे में 60 वर्षीय बाबूलाल की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। सभी लोग गुर्जर समाज के थे, जो तलवड़िया (अत्तर) गांव से मामेरा कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सनावद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

>
error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!