madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » 15 हजार की रिश्वत लेते उपयंत्री रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

15 हजार की रिश्वत लेते उपयंत्री रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

इंदौर। (सुनील यादव) इंदौर में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की सख्त कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को जनपद पंचायत महू की उपयंत्री को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी महिला अधिकारी सीसी रोड निर्माण कार्य के मूल्यांकन के बदले रिश्वत मांग रही थी।

लोकायुक्त इंदौर की टीम ने शुक्रवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत डॉ. अंबेडकर नगर (महू) की उपयंत्री श्रीमती सावित्री मुवेल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

शिकायतकर्ता रमेशचंद्र चौहान, सचिव ग्राम पंचायत यशवंत नगर ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत में 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत 4.52 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य कराया गया है। इस कार्य के भौतिक सत्यापन और माप पुस्तिका में मूल्यांकन दर्ज करने के एवज में उपयंत्री द्वारा 15 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में ट्रैप दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ट्रैप टीम में शामिल:

निरीक्षक रेनू अग्रवाल, आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक शैलेंद्र बघेल, मनीष माथुर, श्रीकृष्ण अहिरवार सहित महिला आरक्षक गायत्री और अर्चना शामिल रहीं।

नागरिकों से अपील:

लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत करे।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!