डही में टेस्ट ड्राइव बना मौत का सफर: बोलेरो पलटी, झाड़ियों में मिला 21 वर्षीय साहिल का शव।
धार। जिले के डही में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। टेस्ट ड्राइव के नाम पर शोरूम से बोलेरो ले जाने वाला अज्ञात व्यक्ति 21 वर्षीय कर्मचारी साहिल को अपने साथ ले गया, लेकिन कई घंटे बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चला। देर शाम सुसारी के पास पलटी हुई बोलेरो मिली और आज उसी क्षेत्र की झाड़ियों में साहिल का शव मिलने से मामला और गहरा गया है।
शनिवार 11 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे डही स्थित हारून खत्री के वाहन शोरूम पर एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा। उसने खुद को ग्राहक बताते हुए टेस्ट ड्राइव के लिए पुलिस मोनो लगी बोलेरो वाहन मांगा। शोरूम संचालक ने अपने कर्मचारी 21 वर्षीय साहिल को उसके साथ भेज दिया।
कई घंटे बीत जाने के बाद जब वाहन और साहिल वापस नहीं लौटे, तो शोरूम संचालक ने डही थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तलाश के दौरान कुक्षी थाना क्षेत्र के सुसारी गांव के पास उक्त बोलेरो वाहन पलटी हुई अवस्था में मिला। वाहन में खून के निशान भी पाए गए, लेकिन साहिल का कोई सुराग नहीं लगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसे अपहरण और लूट का मामला मानते हुए युवक की तलाश तेज कर दी। जिला पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
रविवार शाम करीब 5 बजे मामले में बड़ा खुलासा हुआ, जब सुसारी क्षेत्र में ही झाड़ियों के बीच एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान साहिल के रूप में की।
सवालों के घेरे में घटना:
अब इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—
क्या साहिल की मौत वाहन दुर्घटना में हुई? या फिर बोलेरो लेकर गए अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी हत्या की?
वाहन में मिले खून के निशान किस ओर इशारा करते हैं?
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।
स्थिति तनावपूर्ण:
घटना के बाद डही और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।



संबंधित समाचार ---
दिनदहाड़े वाहन की लूट और कर्मचारी के अपहरण से दहशत का माहौल
हथियारबंद बदमाशों का आतंक: घर में घुसकर लाखों की चोरी, दंपत्ति पर हमला
रफ्तार का कहर, मातम में बदली खुशियां, दो सड़क हादसों में 2 की मौत; 50 से ज्यादा घायल