धार। जिले के कुक्षी क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां चार हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर न सिर्फ चोरी की, बल्कि दंपत्ति पर हमला कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
खिड़की तोड़कर घर में घुसे बदमाश —
ग्राम बड़दा निवासी कैलाश चन्द्र चौहान के घर में 10 अप्रैल की रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच चार अज्ञात युवक घुस आए। बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे। तीन के हाथ में डंडे और एक के पास धारदार फालिया जैसा हथियार था।
चाबी मांगने पर किया हमला —
बदमाशों ने घर में घुसते ही आलमारी की चाबी मांगी, लेकिन फरियादी ने मना कर दिया। इस पर बदमाशों ने धमकाने की कोशिश की।
वहीं शौर मचाने पर आरोपी भागने लगे, तभी फरियादी और उनकी पत्नी चंदा ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान धक्का-मुक्की में फरियादी को चेहरे पर चोट आई, वहीं पत्नी को भी मामूली चोटें आईं और उनका मंगलसूत्र टूट गया।
जेवर और नकदी से भरा बैग ले उड़े चोर —
बाद में जांच करने पर पता चला कि बदमाश खिड़की की लोहे की रेलिंग काटकर घर में घुसे थे। उन्होंने अंदर रखी आलमारी का ताला तोड़कर दो सोने के हार, झुमके, मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब, कंदोरा सहित करीब 1 लाख रुपये नकद और अन्य रकम से भरा बैग चोरी कर लिया। साथ ही बेटे के बैग में रखे 10 हजार रुपये भी ले गए।
पुलिस जांच में जुटी —
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के तरीके से अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम हो सकता है।

संबंधित समाचार ---
इंदौर से गुजरात जा रही अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही
अंधविश्वास के खूनी खेल की एक और दिल दहला देने वाली घटना
पुलिस की घेराबंदी देख छूटे पसीने, चंद घंटों में जंगल से छुड़ाया अपहृत, 4 गिरफ्तार