पीथमपुर में संयुक्त कार्रवाई, 6.76 लाख का मशरूका जब्त; लापरवाही पर पुलिसकर्मी लाइन अटैच।
धार। (सुनील यादव) जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्ती के बीच पीथमपुर क्षेत्र में पुलिस ने जुए की फड़ पर दबिश देकर 13 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से नकदी, वाहन और मोबाइल सहित लाखों का सामान जब्त किया गया।
धार पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना सेक्टर-01 पीथमपुर और साइबर सेल की टीम ने ग्राम सिलोटिया नाले के पास कार्रवाई की।
मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की, जहां कुछ लोग बैटरी लाइट के नीचे ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे थे। टीम ने मौके से 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों में फारुख, सुरेश मकवाना, मूरतसिंह लोधी, महेंद्र पाल, हैदर अली, योगेश कोशल, जितेंद्र गुप्ता, कमल कुशवाह, ऋषभ गोस्वामी, जफर खान, पंकज देशमुख, रोहित और एक बाल अपचारी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 46,660 रुपये नकद, 3 मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट डिजायर कार, 16 एंड्रॉयड मोबाइल और जुआ सामग्री जब्त की, जिसकी कुल कीमत करीब 6.76 लाख रुपये बताई गई है। सभी के खिलाफ थाना सेक्टर-01 पीथमपुर में जुआ एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 157/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लापरवाही पर कार्रवाई —
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित बीट प्रभारी और सूचना तंत्र से जुड़े कर्मचारियों को तत्काल लाइन अटैच कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।
टीम का योगदान —
कार्रवाई में थाना सेक्टर-01 के उनि सोहनसिंह कायत, विजय सिंह, अनिल द्विवेदी, प्रदीप पाटिल, महेश यादव, कैलाश कटारे सहित साइबर सेल धार टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


संबंधित समाचार ---
खर्चे के पैसों को लेकर बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला, सिर फोड़कर किया घायल
गैस, पेट्रोल से लेकर थाली तक सब हुआ महंगा, आम आदमी का हाल हुआ बेहाल
70 निजी अस्पताल आयुष्मान योजना से होंगे बाहर, धार का नाम शामिल