madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » अफवाहों ने बढ़ाई पेट्रोल पंप पर भीड़, ईंधन की कमी नहीं तो क्यो लग रही भीड़??

अफवाहों ने बढ़ाई पेट्रोल पंप पर भीड़, ईंधन की कमी नहीं तो क्यो लग रही भीड़??

धार। (सुनील यादव) शहर में मंगलवार देर शाम अचानक पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पेट्रोल खत्म होने और कीमतें बढ़ने की अफवाह ने ऐसा असर डाला कि लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए बड़ी संख्या में पंपों पर उमड़ पड़े। देखते ही देखते सभी पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और कुछ लोग केनों में भी पेट्रोल जमा करने लगे।

अफवाहों के चलते शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई। हालात यह रहे कि सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक वाहन पंपों पर पहुंचने लगे। लोगों में यह डर देखा गया कि आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो सकती है या कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने तत्काल एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों को सच्चाई से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले, प्रदेश या देश—कहीं भी ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

धार कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन ने भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी प्रमुख कंपनियों से संपर्क कर स्थिति की पुष्टि की है। सभी कंपनियों ने पर्याप्त स्टॉक होने की जानकारी दी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि घबराने या अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का स्टॉक करने की कोई जरूरत नहीं है। ऐसा करने से कृत्रिम कमी की स्थिति बन सकती है, जिससे सप्लाई चेन प्रभावित होगी और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रशासन ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे ग्राहकों को सही जानकारी दें और भीड़ को नियंत्रित रखें। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

कलेक्टर ने खास तौर पर कहा कि व्हाट्सएप या अन्य प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे असत्यापित संदेशों पर भरोसा न करें और किसी भी जानकारी के लिए केवल जिला प्रशासन के आधिकारिक स्रोतों पर ही विश्वास करें।

धार पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय मोदी ने साफ शब्दों में लोगों की चिंता दूर करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, हालात पूरी तरह सामान्य हैं। अफवाहों पर ध्यान देने की बजाय जिम्मेदार नागरिक बनें और ऐसी गलत खबरों को फैलने से रोकें।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!