01/10/2025

madhyabharatlive

Sach Ke Sath

भोपाल। (महेश बैरागी) प्रचंड गर्मी का दौर आज भी मध्यप्रदेश में जारी है। इसका सर्वाधिक असर प्रदेश के दक्षिण पश्चिम के हिस्से में देखा गया, जहां लू चलने से अनेक स्थानों पर तापमान में जबर्दस्त उछाल आया है। रतलाम में पारा कल के मुकाबले लगभग एक डिग्री बढ़कर 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिक के अनुसार पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश भर में भीषण गर्मी का दौर बना रहा। इसका सर्वाधिक असर दक्षिण पश्चिमी मध्यप्रदेश में देखा गया, जहां लू चलने से पारा में जबर्दस्त बढ़ोतरी हुई।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा बढ़कर 46.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं राजधानी भोपाल में पारा कल के मुकाबले आज लुढ़ककर 43.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि यहां रात के तापमान में बढ़ोतरी हुयी जो बढ़कर 31.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके अलावा खंडवा, खरगोन और धार में भी लू का प्रभाव रहा, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना रहा। खंडवा में 45.5 डिग्री, धार 45.3 डिग्री, खरगोन 45.2 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर पारा 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच मना रहा। लगातार पड़ रही गर्मी के चलते आम जनजीवन प्रभावित रहा।

मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पूरा प्रदेश गर्मी की चपेट में रह सकता है, कहीं कहीं पारा 47 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है। राजधानी भोपाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में आज भी भीषण गर्मी का प्रभाव बना रहेगा। दिन भर गर्म हवाएं चलने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। हालांकि कल के मुकाबले यहां पारा लगभग एक डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां रात के तापमान में बढ़ोतरी हुयी, जो 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले कुछ दिनों तक यहां भीषण गर्मी का दौर बना रहने का अनुमान है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी