07/12/2025

madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Weather suddenly deteriorated, rain and hailstorm in 35 districts in the next 48 hours

Weather suddenly deteriorated, rain and hailstorm in 35 districts in the next 48 hours

अचानक मौसम बिगड़ा, अगले 48 घंटों में 35 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि

भोपाल। मध्य प्रदेश में बुधवार और गुरुवार को सर्दी का असर कम होने के बाद शुक्रवार को मंदसौर, रतलाम, बड़वानी सहित कई जिलों में बारिश हुई। साथ ही, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह 8.30 बजे तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की थी। शनिवार सुबह भी अच्छी बारिश हुई। 

इंदौर-उज्जैन संभाग में बारिश के साथ गिरे ओले —

उधर अलग-अलग बनी मौसम प्रणालियों के असर से इंदौर, उज्जैन संभाग के जिलों में शुक्रवार को वर्षा भी हुई। मौसम विज्ञानिको के अनुसार शनिवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। रविवार के बाद मौसम साफ होने से एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।

शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे —

हवाओं के साथ लगातार आ रही नमी के कारण प्रदेश में बादल बने हुए हैं। इससे रात का तापमान बढ़ा हुआ है। मौसम विज्ञानिको के अनुसार शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे। साथ ही ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर, जबलपुर, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। 

ओले भी गिरने की संभावना —

इस दौरान जबलपुर एवं नर्मदापुरम संभाग में कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा भी बना रह सकता है। सोमवार से बादल छंटने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट भी हो सकती है। उधर, शुक्रवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 11 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में रिकार्ड किया गया।

ये मौसम प्रणाली सक्रिय —

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास मौजूद है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। पंजाब से लेकर अरब सागर तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो राजस्थान पर बने प्रेरित चक्रवात से होकर गुजर रही है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

>
error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!