madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » रफ्तार का कहर: दो सड़क हादसों में दो की मौत, लापरवाही बनी जानलेवा

धार। जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का खामियाजा दो लोगों को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहला मामला पीथमपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 23 मार्च की शाम महू-नीमच हाईवे पर ग्राम सेजवाया के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने पैदल जा रहे संतोष उर्फ गड़ी (50) निवासी सेजवाया को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए धार के भोज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

वहीं दूसरा मामला अमझेरा थाना क्षेत्र के टाण्डाखेड़ा (मेहगांव) का है। यहां 10 मार्च की रात एक लापरवाह बाइक चालक ने सामने चल रही मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में नन्दू (22) निवासी लेडगांव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दोनों ही मामलों में पुलिस ने धारा 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यह साफ कर दिया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!