madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

धार। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए इंदौर लोकायुक्त टीम ने धार में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। खेती के पट्टे के नाम पर रिश्वत मांगने वाले जल संसाधन विभाग के अमीन को 10 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के तहत लोकायुक्त इंदौर की टीम ने धार जिले में ट्रैप ऑपरेशन किया। इस कार्रवाई में जल संसाधन विभाग धार में पदस्थ अमीन राज दिनकर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आमला निवासी दयाराम पटेल ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से शिकायत की थी कि तालाब की रिक्त भूमि पर खेती का पट्टा दिलाने के एवज में आरोपी अमीन द्वारा 30 हजार रुपए की मांग की जा रही है। जबकि पट्टे की वास्तविक फीस मात्र 5 से 7 हजार रुपए है।

शिकायत की जांच उप पुलिस अधीक्षक स्तर पर कराई गई, जिसमें मामला सही पाया गया। इसके बाद 31 मार्च 2026 को ट्रैप दल गठित किया गया।

योजना के तहत आरोपी ने आवेदक को धार बुलाया। अवकाश होने के कारण आवेदक ने आरोपी को प्रकाश नगर स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया, जहां पहले से लोकायुक्त टीम तैनात थी। जैसे ही आरोपी ने 10 हजार रुपए रिश्वत के रूप में अपने हाथ में लिए, टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान सहित आरक्षक विजय कुमार, आदित्य सिंह भदौरिया, कमलेश परिहार, अनिल परमार और रामेश्वर निंगवाल की अहम भूमिका रही।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!