धार। जिले में चोरी की वारदातों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरों ने घर, बाइक और चारपहिया वाहन तक को निशाना बनाकर पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से आमजन में दहशत का माहौल है।
पहला मामला पीथमपुर के सेक्टर-01 थाना क्षेत्र का है, जहां बालाजी नगर निवासी मुकेश शर्मा के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। 27 मार्च से 29 मार्च के बीच चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता चलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरा मामला अमझेरा थाना क्षेत्र का है, जहां अंबिका रोड निवासी अंश सोनी की मोटरसाइकिल (होंडा एसपी 125) को अज्ञात महिला व पुरुष चोर चुरा ले गए। यह वारदात 27-28 मार्च की दरमियानी रात को हुई, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई जा रही है।
तीसरी घटना तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम आहू में सामने आई, जहां चोरों ने एक साथ दो वाहनों पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी जितेंद्र पटेल की बोलेरो और पास में रहने वाले दिनेश पाटीदार की मोटरसाइकिल को अज्ञात बदमाश रात के समय चुराकर ले गए।
तीनों ही मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं आमजन में भय का माहौल बना हुआ है।

संबंधित समाचार ---
इंदौर से गुजरात जा रही अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही
अंधविश्वास के खूनी खेल की एक और दिल दहला देने वाली घटना
पुलिस की घेराबंदी देख छूटे पसीने, चंद घंटों में जंगल से छुड़ाया अपहृत, 4 गिरफ्तार