टांडा-बोरी रोड लूट कांड का पर्दाफाश: 2 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार — 2.10 लाख का माल और R15 बाइक जब्त।
धार। जिले में टांडा-बोरी रोड पर हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों का मसरूका और चोरी की स्पोर्ट्स बाइक बरामद की है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में टांडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।
12 मार्च 2026 को टांडा-बोरी रोड पर दो मोटरसाइकिलों से आए अज्ञात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने फरियादी के बताए हुलिये और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
टैबलेट और आईफोन बेचने के दौरान पकड़ाए —
लगातार दबिश के बाद बुधवार को सूचना मिली कि आरोपी लूट का सामान टैबलेट और आईफोन बेचने के लिए राजगढ़ जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने चारों तरफ से घेरकर दो बदमाशों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सुखराम वसुनिया (निवासी पिपलवा), अंतरसिंह (निवासी गुराडिया) है। आरोपियों के पास मिली R15 मोटरसाइकिल राजस्थान से चोरी की गई थी। पुलिस ने कुल 2 लाख 10 हजार रुपये का मसरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अंतरसिंह पहले भी चोरी के मामलों में वांटेड रहा है और थाना बोरी में गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल दोनों आरोपियों से अन्य मामलों में पूछताछ जारी है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।
इनका रहा सराहनीय कार्य —
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार रावत, उपनिरीक्षक रमेशचंद नायक, सहायक उपनिरीक्षक योगेंद्र मावी, रामसिंह हटिला, रामदास सोलंकी, प्रधान आरक्षक रामसिंह सस्तिया, माधवसिंह, अर्जुन, आरक्षक सुनील पंवार, सिद्धार्थ गोरे, निलेश, विनोद सोलंकी, गोवर्धन कटारा, सुनील खराड़े , साथ ही आकाश, गोपाल एवं सैनिक बहादुर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


संबंधित समाचार ---
शादी में जा रहे युवक पर हमला: घूरने की बात पर पत्थर, बेल्ट और लट्ठ से मारपीट
श्वान की मौत से भड़का बवाल: दलित युवक पर जानलेवा हमला, पहले लीपापोती फिर दबाव में पुलिस ने दर्ज किया गंभीर मामला
पंचायत सचिव समझते हैं अपने आप को कलेक्टर से भी बड़ा, नहीं उठाते किसी का फोन