विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा शहर एवं बायपास क्षेत्र के विभिन्न ढाबों पर सघन जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
कलेक्टर इंदौर शिवम वर्मा एवं सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के निर्देशन में जिला उड़नदस्ता प्रभारी कमलेश सोलंकी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा विभिन्न ढाबों पर दबिश देकर अवैध मदिरा विक्रय, बिना लाइसेंस मदिरा परोसने तथा सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान करने वालों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई।
- धारा 34(1): अवैध मदिरा के विक्रय और परिवहन से संबंधित मामला।
- धारा 36(ए): सार्वजनिक स्थलों पर मदिरापान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई।
- धारा 36(बी): बिना लाइसेंस के मदिरा परोसने या इसकी अनुमति देने वाले ढाबा संचालकों पर कार्रवाई।
बैकयार्ड कैफे (एम.आर.-11): एम.आर.-11 स्थित बैकयार्ड कैफे पर दबिश के दौरान खुले में टेबलों पर मदिरापान करते पाए गए व्यक्तियों एवं ढाबा संचालक के विरुद्ध धारा 36(ए) एवं 36(बी) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए।
शिकारबाड़ी ढाबा (बायपास): बायपास स्थित शिकारबाड़ी ढाबे पर खुले में मदिरापान करते पाए गए व्यक्तियों एवं ढाबा संचालक के विरुद्ध धारा 36(ए) एवं 36(बी) के तहत 4 प्रकरण दर्ज किए गए।
गिल ढाबा: गिल ढाबे की जांच के दौरान बिना वैध अनुमति ग्राहकों को मदिरा सेवन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी तथा मदिरा भी उपलब्ध कराई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान 30 केन बीयर जब्त की गई तथा धारा 34(1), 36(ए) एवं 36(बी) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए।
लालटेन ढाबा: यहां भी नियमों का उल्लंघन करते पाए गए व्यक्तियों एवं ढाबा संचालक के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए।
इसके अतिरिक्त एम.आर.-11 स्थित एस.एस. जम्मू-कश्मीर, देशी तड़का, उज्जैन रोड स्थित अवंतिका ढाबा, माँ दुर्गा ढाबा, मेट्रो ढाबा, पंजतारा ढाबा, रिंग रोड स्थित जुगनू का ढाबा, काका की महफ़िल (पिपलियापाला), यश ढाबा, वीर जी का ढाबा, शिव शक्ति ढाबा, कमल कपूर ढाबा एवं बायपास स्थित न्यू सिटिंग जॉन ढाबा, कैंडल्स ढाबा पर भी कार्रवाई की गई।
उक्त कार्रवाई में जिला उड़नदस्ता प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी कमलेश सोलंकी, आबकारी उप निरीक्षक आशीष जैन, त्रियंबिका शर्मा, सुनील मालवीय सहित आबकारी विभाग का अमला उपस्थित रहा।
सहायक आबकारी आयुक्त इंदौर द्वारा बताया गया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय, बिना लाइसेंस मदिरा परोसने तथा सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान करने वालों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। सहायक आबकारी आयुक्त इंदौर – अभिषेक तिवारी।

संबंधित समाचार ---
पुलिसकर्मी को फिर कुटा, इस बार ASI के भाई ने प्रधान आरक्षक की कर दी पिटाई
प्रमोशन के बाद भी लटकी रहेगी तलवार, गोपनीय रिपोर्ट (ACR) के आधार पर डिमोशन भी हो सकता है !
अंधा कत्ल उजागर : सामान दिलाने का झांसा देकर गला घोंटा