madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » 17 वर्षीय छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनी खेज मामला
Sensational case of suicide by hanging by a 17-year-old student

Sensational case of suicide by hanging by a 17-year-old student

17 वर्षीय छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनी खेज मामला

भोपाल। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि दो युवक सोशल मीडिया से छात्रा की तस्वीरें निकालकर एआई के जरिए उसे अश्लील रूप में एडिट कर वायरल करने की धमकी दे रहे थे।

मानसिक प्रताड़ना और बदनामी के डर से तंग आकर छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

छात्रा की खुदकुशी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के दुरुपयोग और साइबर ब्लैकमेलिंग के बढ़ते खौफनाक ट्रेंड को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अकेले पाकर कमरे में लगाई फांसी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका ऐशबाग क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहती थी और 11वीं कक्षा की होनहार छात्रा थी। उसके पिता बिट्टन मार्केट में कपड़े की दुकान संचालित करते हैं।

गुरुवार रात छात्रा अपने कमरे में थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पीछे वाले कमरे में बैठे थे। इसी दौरान छात्रा ने अपनी छोटी बहन को किसी सामान के बहाने बाहर भेजा और कमरे के भीतर दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

जब छोटी बहन वापस लौटी, तो उसने बहन को फंदे पर लटका देखा। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने उसे तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

सोशल मीडिया की तस्वीरों को AI से किया ‘डीपफेक’

घटना के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर शव लेकर लौटे परिजनों ने ऐशबाग थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मृतका के चाचा ने आरोप लगाया कि छोला क्षेत्र का रहने वाला एक युवक और उसका साथी कई महीनों से छात्रा को प्रताड़ित कर रहे थे।

उन्होंने छात्रा के सोशल मीडिया अकाउंट से उसकी सामान्य तस्वीरें डाउनलोड कीं और एआई (AI) तकनीक की मदद से कथित अश्लील फोटो व वीडियो तैयार कर लिए।

मिलने का दबाव और पिता से अभद्रता का आरोप

परिजनों का दावा है कि दोनों आरोपियों से छात्रा की कभी प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं हुई थी। आरोपी इन फर्जी तस्वीरों को इंटरनेट पर वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर छात्रा पर मिलने का लगातार दबाव बना रहे थे और स्कूल आते-जाते उसका पीछा भी करते थे।

यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने कुछ समय पहले छात्रा के पिता के साथ भी अभद्रता की थी, लेकिन सामाजिक बदनामी और लोकलाज के डर से परिवार ने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही पुलिस

घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। मृतका के मोबाइल को जब्त कर उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स और कॉल डिटेल्स की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच में जिन भी आरोपियों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।- संदीप पवार, थाना प्रभारी, ऐशबाग, भोपाल।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!