अमझेरा के प्रसिद्ध नानादेवी मंदिर में चोरी का खुलासा।
2.30 लाख के चांदी के आभूषण सहित 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार
धार। भगवान के घर पर हाथ साफ करने वाले शातिर बदमाशों के मंसूबों पर अमझेरा पुलिस ने पानी फेर दिया। तंबोली समाज के आस्था के केंद्र ‘नानादेवी मंदिर’ में हुई सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को धर दबोचा है। आरोपियों की निशानदेही पर 2.30 लाख रुपये कीमत के चांदी के छत्र, मुकुट और नाग-नागिन के जोड़े बरामद कर लिए गए हैं, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।
धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चालनी रोड स्थित प्रसिद्ध नानादेवी मंदिर में 24 जुलाई की रात चोरी की वारदात हुई थी। फरियादी कांतिलाल पिता परसराम मोदी की रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात चोरों ने मंदिर के चैनल गेट और दरवाजे के ताले तोड़कर माताजी का चांदी का मुकुट, कुंडल, तीन छत्र, दो नाग-नागिन के जोड़े, पीतल की मूर्तियां और 17 इंच की एलईडी स्क्रीन पार कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के आदेश के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर, विजय डावर और एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार व थाना प्रभारी निरीक्षक राजू मकवाना के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर तंत्र की मदद से बाग थाना क्षेत्र के तीन आरोपियों समीर मंडलोई, संजय मेडा और सुरेश मंडलोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अपने फरार साथियों रवि उर्फ रविन्द्र भील और महेन्द्र भूरिया के साथ मिलकर पांचों ने दो मोटरसाइकिलों पर आकर लोहे की टांबी से ताले तोड़े थे। मंदिर का माल होने के कारण वे इसे बाजार में बेच नहीं पाए और आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों से चांदी का मुकुट, कुंडल, 3 छत्र और 2 नाग-नागिन के जोड़े बरामद किए हैं।
तीनों आरोपियों के है पुराने आपराधिक रिकॉर्ड —
पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मुख्य आरोपी समीर के खिलाफ विभिन्न थानों में 9, संजय के खिलाफ 8 और सुरेश के खिलाफ 3 संगीन मामले दर्ज हैं। पूछताछ में इन्होंने मई माह में आगर घाटी बाग में एक दम्पति को हथियार अड़ाकर चांदी की तागली लूटने की वारदात भी स्वीकार की है। पुलिस अब फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी है, जिससे शेष सामान की बरामदगी और क्षेत्र की अन्य अनसुलझी वारदातों के खुलासे होने की पूरी संभावना है।
इनका रहा सराहनीय योगदान —
थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना के नेतृत्व तथा उनकी टीम उनि दिलिप खाण्डे, उनि रमेशचन्द्र डामोर, सउनि दिवाकरसिंह बैस, प्र.आर. 489 दिनेश भाभर, प्र.आर. 261 ललीतसिंह चौहान, प्र.आर. 325 रामकृष्ण गामड, प्र.आर. 830 भावसिंह रावत, प्र.आर. 334 अब्दुल रउफ खान, आर 926 लालसिंह भाभर, आर 316 रमेशचन्द्र नायक आर 619 राहुल चौहान आर 994 निरज जाट व सायबर टीम आर प्रशांत चौहान व आर शुभम शर्मा की आरोपीयो को गिरफ्तार करने एंव माल मश्रुका जप्त करने में सराहनीय भुमिका रही है।

संबंधित समाचार ---
मकान के पीछे चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
फ्लेक्सीटफ डाल रही श्रमिकों के हक पर डाका, कुछ बड़ा होने तैयारी
रहवासी क्षेत्र के घर पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ से क्षेत्र वाशियों में आक्रोश