पहले वार से युवक के गिरने पर आरोपी ने किए चाकू से कई वार।
धार। शहर में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रास्ते में रोककर किए गए इस अचानक हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर नौगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेतपुरा स्थित पेट्रोल पंप के आगे यह वारदात हुई। रामनगर निवासी शुभम मालुसरे, जो कलेक्शन का काम करता है, अपनी बाइक से काम पर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार शुभम रोमियो ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। वार लगते ही शुभम मालुसरे सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी ने उसके हाथ, पैर और कमर पर ताबड़तोड़ कई वार किए और मौके से फरार हो गया।
घायल युवक का उपचार धार के जिला अस्पताल में जारी है। दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार ---
भगवान के घर पर हाथ साफ करने वाले शातिर बदमाशों के मंसूबों पर पुलिस ने फेरा पानी
मकान के पीछे चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
फ्लेक्सीटफ डाल रही श्रमिकों के हक पर डाका, कुछ बड़ा होने तैयारी