10वीं कक्षा का टॉपर और परिवार का इकलौता चिराग था मृतक।
आक्रोशित ग्रामीणों ने धार-मांडव मार्ग पर किया चक्काजाम, निष्पक्ष जांच की मांग।
नालछा/धार। थाना क्षेत्र के ग्राम भील बरखेड़ा में एक मेधावी छात्र का शव कुएं में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही राकेश कटारे के 16 वर्षीय पुत्र सीताराम कटारे के रूप में हुई है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पढ़ाई में अव्वल था मृतक
जानकारी के अनुसार, सीताराम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और वर्तमान में ग्राम अडवी स्थित स्कूल में 11वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, वह पढ़ाई में बेहद होनहार था और उसने पिछली 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में भी शीर्ष स्थान (टॉप) प्राप्त किया था।
रात में फोन कर बुलाने का आरोप
मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना की रात करीब 11:30 बजे किसी ने फोन करके सीताराम को घर से बाहर बुलाया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव कुएं में तैरता मिला। परिजनों का दावा है कि मृतक के गले और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जो हत्या कर शव को कुएं में फेंके जाने की ओर इशारा करते हैं।
धार-मांडव मार्ग पर तीन घंटे चक्काजाम
छात्र की संदिग्ध मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए लोगों ने धार-मांडव मुख्य मार्ग पर करीब तीन घंटे तक चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
पैनल से हुआ पोस्टमार्टम, जांच जारी
सूचना मिलते ही नालछा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन डॉक्टरों के विशेष पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।
पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

संबंधित समाचार ---
लाखों की लागत से बनी पानी की टंकियां बनीं शो-पीस, ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को मोहताज
निजी अस्पतालों की मनमानी से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, बिना योग्य चिकित्सकों के संचालन के भी लग रहे आरोप
सड़कों पर निजी एंबुलेंस व अस्पताल का कब्जा, जाम और हादसों से जूझ रहा शहर