धार। (सुनील यादव) जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी की कथित प्रताड़ना और दूसरी शादी से आहत युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले युवक ने वीडियो बनाकर अपनी आपबीती बयां की, जिससे मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है।
थाना धामनोद में दर्ज प्रकरण के अनुसार फरियादी अम्बाराम पिता बंशीलाल (65 वर्ष) निवासी ग्राम मेहगांव ने सूचना दी कि उनके पुत्र जितेन्द्र (35 वर्ष) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 27 फरवरी की रात से 28 फरवरी की सुबह के बीच की बताई जा रही है, जबकि मामला 25 मार्च को दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी लक्ष्मी पति जितेन्द्र कोगे, जो वर्तमान में मरदाना चौकी बैडिया (थाना सनावद, जिला खरगोन) में रह रही थी, अक्सर बिना बताए घर छोड़कर चली जाती थी और पति पर साथ रहने के लिए 2 लाख रुपये की मांग कर रही थी।
इतना ही नहीं, आरोप है कि लक्ष्मी ने बिना तलाक लिए ही संतोष पिता गेन्दालाल भालसे निवासी मरदाना से दूसरी शादी कर ली थी। इस बात से मानसिक रूप से परेशान जितेन्द्र ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल फोन मिला, जिसमें उसने मरने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में जितेन्द्र ने साफ तौर पर अपनी पत्नी लक्ष्मी और संतोष पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हीं कारणों से वह आत्महत्या कर रहा है।
फिलहाल पुलिस ने धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में वीडियो को अहम साक्ष्य माना जा रहा है और पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।


संबंधित समाचार ---
शादी का झांसा… ओर ठगी! धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला
जिले में चोरों का आतंक, कहीं घर का ताला टूटा तो कहीं मवेशी और बाइक गायब
रफ्तार का कहर: 5 सड़क हादसों में 5 की मौत, लापरवाही बनी जानलेवा