madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » चाय दुकान पर हंगामा: समझाइश देना पड़ा भारी, युवक से मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी

चाय दुकान पर हंगामा: समझाइश देना पड़ा भारी, युवक से मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी

धार। (सुनील यादव) चाय की दुकानों पर अक्सर मामूली विवाद—जैसे पैसे का लेन-देन, कुर्सी पर बैठने, या सिगरेट पीने को लेकर—हिंसक रूप ले लेते हैं, जिससे मारपीट, तलवारबाजी और तोड़फोड़ जैसी घटनाएं होती हैं। ये विवाद वर्चस्व की जंग या आपसी रंजिश के कारण होते हैं, जो कई बार गंभीर रूप लेकर जानलेवा भी बन जाते हैं। 

ऐसा ही मामला धार शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का संज्ञान में आया है, जहां पर मामूली विवाद ने विकराल रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शहर के व्यस्ततम इलाके पाटीदार तिराहे पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाय दुकान संचालक ने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसी पर हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

श्याम हॉस्पिटल के सामने पाटीदार तिराहे पर 21 मार्च की रात करीब 9 बजे मारपीट का मामला है। फरियादी राहुल पंवार (32), निवासी किले गेट के सामने नौगांव, अपनी चाय दुकान पर मौजूद था, तभी कुछ युवक वहां आपस में विवाद कर रहे थे।

राहुल ने जब उन्हें झगड़ा करने से रोका, तो आरोपी लोकेश वसुनिया निवासी कालुखेड़ी, पवन और एक अन्य साथी भड़क गए। आरोप है कि तीनों ने पहले राहुल को अश्लील गालियां दीं और फिर थप्पड़-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

हमले में राहुल के होंठ और नाक पर चोट आई, जिससे खून बहने लगा। आरोपियों ने जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 506 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!