madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » फिल्मी अंदाज में लूट, शराब से भरे ट्राले को बनाया निशाना

पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी दबोचा।

धार। Sunil Yadav – जिले में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में शराब से भरे ट्राले को निशाना बनाया। चालक की बेरहमी से पिटाई कर आंखों पर पट्टी बांधी गई और उसे बीच सड़क पर छोड़कर आरोपी ट्राला लेकर फरार हो गए। हालांकि, जीपीएस बंद होते ही पुलिस हरकत में आई और कुछ ही घंटों में कार्रवाई करते हुए ट्राला बरामद कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्राला क्रमांक एमपी 09 एचएच 6512 करीब 1300 पेटी परमिट की शराब लेकर अलीराजपुर के चांदपुर जा रहा था। रात करीब ढाई बजे जैतगढ़ घाटी के पास अज्ञात बदमाशों ने वाहन को रोक लिया। बदमाशों ने चालक करण के साथ मारपीट की, उसकी आंखों पर पट्टी बांधी और उसे सड़क पर उतार दिया। इसके बाद आरोपी ट्राला लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से ट्राले में लगा जीपीएस सिस्टम बंद कर दिया। जैसे ही शराब कंपनी के कर्मचारियों को जीपीएस सिग्नल बंद होने की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत टांडा पुलिस को अलर्ट किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टांडा थाना प्रभारी संजय रावत ने टीम के साथ तत्काल सर्चिंग अभियान शुरू किया। पुलिस ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी की और अलसुबह धयडी गांव के पास ट्राला बरामद कर लिया।

पुलिस के पहुंचने पर बदमाश ट्राले से शराब उतारकर एक पिकअप वाहन में भर रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध को मौके से हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई की जिसमें शराब वाहन सहित करीब 800 पेटी से अधिक शराब की पेटियां भी बरामद की गई है, साथ ही जीस पिकअप वाहन से माल को दूसरी जगह परिवहन कर ले जाया जा रहा था, उसे भी जब्त कर लिया गया है। एक आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में है, बाकियों की तलाश की जा रही है। संजय सिंह रावत, थाना प्रभारी- टांडा धार।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!