धार। सुनील यादव- जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का खामियाजा लगातार लोगों की जान लेकर सामने आ रहा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए पांच सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र में 4 मार्च की सुबह मांडव-धरमपुरी रोड स्थित तारापुर पुल पर एक अज्ञात सफेद कार ने कालुसिंह (50) निवासी अब्दुलपुरा को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में सिर, हाथ-पैर सहित शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बदनावर थाना क्षेत्र में 22 मार्च को पेटलावद रोड नागेश्वर ब्रिज के पास स्कॉर्पियो वाहन (MP13CD7943) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार विक्रम (50) निवासी कारोदा को टक्कर मार दी। गंभीर घायल विक्रम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम जैतापुर में 17 फरवरी को मिर्ची मंडी रोड पर एक पिकअप (MP46ZD9932) ने बाइक सवार पप्पू (28) निवासी लोधीपुरा को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल पप्पू की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इसी तरह पीथमपुर थाना क्षेत्र में 23 मार्च को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक ट्राला (GJ-39-T-2699) ने सड़क किनारे खड़े वीरेंद्र (30) निवासी सागर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्राले का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
एक अन्य मामले में धामनोद थाना क्षेत्र के एबी रोड ग्राम ढाल पर 16 मार्च को स्विफ्ट कार (MP04CM5843) के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए दुर्घटना कर दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।
लगातार हो रहे इन हादसों से साफ है कि जिले में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार पर नियंत्रण नहीं होने से जानलेवा स्थिति बनी हुई है।
पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर इन हादसों पर लगाम कब लगेगी?


संबंधित समाचार ---
शादी का झांसा… ओर ठगी! धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला
जिले में चोरों का आतंक, कहीं घर का ताला टूटा तो कहीं मवेशी और बाइक गायब
टापरी में चल रहा था जुए का अड्डा, दबिश में 7 जुआरी गिरफ्तार