madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » 40 साल का इंतजार खत्म: पहली बार गूंजी रेल इंजन की सीटी

धार। (sunil yadav) जिले के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार शहर में रेल इंजन की आवाज गूंजी। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत पीथमपुर से धार के बीच नई रेल लाइन पर सफल ट्रायल हुआ, जिससे लोगों का दशकों पुराना सपना साकार हो गया।

करीब 38 किलोमीटर लंबे पीथमपुर-धार ट्रैक पर रेलवे ने टॉवर वैगन के रूप में इंजन का ट्रायल किया। इस दौरान इंजन को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर ट्रैक की मजबूती, घुमाव, संतुलन और सिग्नलिंग सिस्टम की बारीकी से जांच की गई।

जैसे ही शाम को इंजन धार रेलवे स्टेशन पहुंचा, वहां मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल छा गया। लोगों ने फूल-मालाओं से इंजन का स्वागत किया, पूजा-अर्चना की और आतिशबाजी कर खुशी जताई। बड़ी संख्या में नागरिक इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने और इसे अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए।

रेल लाओ समिति के अध्यक्ष पवन जैन गंगवाल ने इसे भावुक पल बताते हुए कहा कि धार में रेल लाने के लिए करीब 40 वर्षों तक संघर्ष किया गया। उन्होंने जल्द नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग भी उठाई।

ट्रायल के दौरान रेलवे विकास निगम लिमिटेड (RVNL) और पश्चिम रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे। सफल परीक्षण के बाद अब धार में जल्द ही नियमित रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!