madhyabharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » धार में जानलेवा चाइनीस मांझे का आतंक जारी, प्रशासन की अनदेखी से कटा एक और युवक का गला

धार में जानलेवा चाइनीस मांझे का आतंक जारी, प्रशासन की अनदेखी से कटा एक और युवक का गला

धार। शहर में पुलिस और प्रशासन की लापरवाही व अनदेखी के चलते प्रतिबंधित और जानलेवा चाइनीस मांझे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पतंग विक्रेताओं द्वारा चोरी-छिपे बेचे जा रहे इस घातक मांझे ने एक बार फिर एक युवक को अपना शिकार बनाया है। ताजा मामले में चाइनीस मांझे की चपेट में आने से एक नौजवान का गला बुरी तरह कट गया, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चोरी-छिपे धड़ल्ले से बिक रहा मौत का सामान

प्रशासन द्वारा समय-समय पर चाइनीस मांझे की बिक्री पर रोक लगाने के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। इसी ढिलाई का फायदा उठाकर शहर के कई पतंग विक्रेता चोरी-छिपे इसकी बिक्री कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन की सख्ती न होने के कारण दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं और आम राहगीरों की जान पर हर वक्त खतरा मंडरा रहा है।

पहले भी हो चुके हैं कई गंभीर हादसे

शहर में चाइनीस मांझे से घायल होने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बाइक सवार और राहगीर इसकी चपेट में आकर लहूलुहान हो चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन द्वारा सघन जांच अभियान न चलाए जाने से शहरवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि अवैध रूप से चाइनीस मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान न जाए।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!