धार। शहर में पुलिस और प्रशासन की लापरवाही व अनदेखी के चलते प्रतिबंधित और जानलेवा चाइनीस मांझे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पतंग विक्रेताओं द्वारा चोरी-छिपे बेचे जा रहे इस घातक मांझे ने एक बार फिर एक युवक को अपना शिकार बनाया है। ताजा मामले में चाइनीस मांझे की चपेट में आने से एक नौजवान का गला बुरी तरह कट गया, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चोरी-छिपे धड़ल्ले से बिक रहा मौत का सामान
प्रशासन द्वारा समय-समय पर चाइनीस मांझे की बिक्री पर रोक लगाने के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। इसी ढिलाई का फायदा उठाकर शहर के कई पतंग विक्रेता चोरी-छिपे इसकी बिक्री कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन की सख्ती न होने के कारण दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं और आम राहगीरों की जान पर हर वक्त खतरा मंडरा रहा है।
पहले भी हो चुके हैं कई गंभीर हादसे
शहर में चाइनीस मांझे से घायल होने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बाइक सवार और राहगीर इसकी चपेट में आकर लहूलुहान हो चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन द्वारा सघन जांच अभियान न चलाए जाने से शहरवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि अवैध रूप से चाइनीस मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान न जाए।

संबंधित समाचार ---
क्षेत्र में सनसनी: कुएं में मिला मेधावी छात्र का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
लाखों की लागत से बनी पानी की टंकियां बनीं शो-पीस, ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को मोहताज
निजी अस्पतालों की मनमानी से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, बिना योग्य चिकित्सकों के संचालन के भी लग रहे आरोप