रात के अंधेरे में बाइक सवारों को लूटने वाली गैंग दबोची,
24 घंटे में तीन आरोपियों को धामनोद पुलिस ने किया गिरफ्तार।
धार। जिले के धामनोद थाना पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए महज 24 घंटों के भीतर तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने रात के सन्नाटे में राहगीरों को रोककर मारपीट की थी और उनकी बाइक व नगदी लेकर चंपत हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया माल और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए हैं।
क्या था मामला?
उमरिया निवासी फरियादी गोपाल बबेरिया ने पुलिस को बताया कि 21 अप्रैल की रात करीब 02:30 बजे जब वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी बगवानिया और मुहाड़ के बीच अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और जेब में रखे नगद रुपए व मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
पुलिस की घेराबंदी और एक्शन —
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मयंक अवस्थी और एएसपी विजय डावर के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और तीन आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल:
1. गणेश (19) पिता सखाराम, निवासी कुन्दा।
2. विजय (24) पिता सुखलाल, निवासी सादराबाद।
3. बेबु (19) पिता शोभाराम, निवासी कुसुमला।
1.70 लाख का मशरुका जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूट का सारा सामान बरामद कर लिया है:
• बाइक: एक सीडी डीलक्स (कीमत 45,000 रुपये)।
• वारदात में प्रयुक्त बाइक: बदमाशों की टीवीएस अपाचे (कीमत 1.20 लाख रुपये)।
• नगदी: कुल 5300 रुपये।
• हथियार: आरोपी विजय के पास से एक धारदार चाकू।
इनकी रही मुख्य भूमिका:
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे, उपनिरीक्षक सावन मुवेल, बालकृष्ण कुमरावत, धीरज सिंह जादौन और टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।


संबंधित समाचार ---
आग का तांडव: वेस्ट डिस्पोजल कंपनी में भीषण आग, कलेक्टर-SP ने संभाला मोर्चा
सावधान ! ‘टास्क’ पूरा करते ही खाली हो गया बैंक खाता, युवक से 1.53 लाख की ऑनलाइन ठगी
प्रॉपर्टी का खेल, धोखाधड़ी की रजिस्ट्री’: 11 लाख की बयाना राशि डकार गया बिचौलिया