madhyabharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » नियमों को ताक पर रखकर हो रहा निजी अस्पतालों का संचालन, स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल  

नियमों को ताक पर रखकर हो रहा निजी अस्पतालों का संचालन, स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल  

धार। शहर के पाटीदार चौराहे से मांडव लिंक रोड पर स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों को दरकिनार कर कई निजी चिकित्सालयों के संचालन की अनुमति दिए जाने का मामला सामने आया है। इन अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और अनुमति देने की प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं का अभाव
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्रालय के स्पष्ट दिशानिर्देशों के अनुसार, किसी भी चिकित्सालय के संचालन के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, मरीज के परिजनों के ठहरने और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी मानक रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। इसके बावजूद, मांडव लिंक रोड क्षेत्र के कई अस्पतालों में वाहनों की पार्किंग के लिए कोई जगह नहीं है। सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े होने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

छोटे भवनों में चल रहे बड़े अस्पताल
नियमों की अनदेखी का आलम यह है कि मुख्य मार्ग पर स्थित बेहद छोटे भवनों में बड़े चिकित्सालय संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिन संकरी जगहों पर एक सामान्य आवासीय मकान का निर्माण भी ठीक से संभव नहीं है, वहां बड़े अस्पतालों को संचालन की स्वीकृति दे दी गई है।

विभाग की कार्यशैली संदेह के घेरे में
बिना पार्किंग और अपर्याप्त जगह वाले भवनों को चिकित्सालय संचालन का लाइसेंस किस आधार पर जारी किया गया, यह एक बड़ा सवाल है। नियमों को नजरअंदाज कर दी गई इन अनुमतियों ने स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही और संभावित सांठगांठ की ओर इशारा किया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच करने और मानकों पर खरे न उतरने वाले अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!