कमरे में मासूम की रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
इंदौर। शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई। यहाँ के मेघदूत नगर में एक पति ने चरित्र शंका और प्रेम प्रसंग के चलते उपजे विवाद में पहले पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
इस खौफनाक दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या का खुलासा रविवार सुबह तब हुआ, जब दोनों की मासूम बच्ची बंद कमरे में माता-पिता के शवों के पास बैठकर बिलख-बिलख कर रो रही थी। मासूम के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने जब खिड़की से झांका तो उनके होश उड़ गए।
कमरे का दरवाजा तोड़ा तो उड़ गए होश —
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से होशंगाबाद का रहने वाला यह परिवार यहाँ मेघदूत नगर में किराए के मकान में रह रहा था। मृतक की पहचान हल्के वीर पटेल उर्फ हल्के सिंह के रूप में हुई है, जो पीथमपुर की एक नामी पेस्टीसाइड्स (कीटनाशक) कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था।
सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और भीतर से हल्के सिंह की छोटी बेटी के लगातार रोने की आवाज आने लगी, तो आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना हीरानगर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने जब दरवाजा तोड़ा, तो भीतर का नजारा खौफनाक था। महिला का शव लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था और पास ही हल्के सिंह का शव भी मृत अवस्था में मिला।
त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और गृहक्लेश बना काल —
पुलिस की प्राथमिक जांच और आस-पड़ोस से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे खूनी खेल के पीछे प्रेम प्रसंग और गृहक्लेश की कहानी सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि हल्के सिंह की पत्नी का पीथमपुर में ही रहने वाले सुनील साहू नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले ही हल्के सिंह को अपनी पत्नी और सुनील के इन संबंधों के बारे में भनक लगी थी। इसके बाद से ही हंसते-खेलते परिवार में लगातार विवाद और मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट ओर मोबाइल जब्त —
मामले की गंभीरता को देखते हुए हीरानगर पुलिस ने एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवा दिया गया। पुलिस ने मामले की गहराई से तस्दीक करने के लिए मृतक हल्के सिंह और उसकी पत्नी, दोनों के मोबाइल फोन को तकनीकी जांच के लिए जब्त कर लिए है।
यह मामला मेघदूत नगर का है। प्राथमिक रूप से यह प्रतीत होता है कि पति ने पहले अपनी पत्नी का गला घोंटा और उसके बाद खुद ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सुसाइड नोट की शुरुआती जांच से यह संकेत मिलता है कि पत्नी द्वारा किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने को लेकर दोनों के बीच विवाद था। रात में उनके बीच हुई कहासुनी के कारण ही संभवतः यह कदम उठाया गया। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।” रुबीना मिजवानी, एसीपी।
फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट के हर एक शब्द और जब्त किए गए मोबाइल फोन्स के कॉल डिटेल्स व चैट्स को खंगाल रही है, ताकि इस खौफनाक वारदात के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया और मासूम बच्ची के सिर से हमेशा के लिए माता-पिता का साया छीन लिया।


संबंधित समाचार ---
अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
कई वर्षो से एक ही थाने में जमे पुलिस अधिकारियों के तबादले की तैयारी
हाई अलर्ट’ पर भोजशाला, पूरा शहर सुरक्षा छावनी में तब्दील