Home » मध्यप्रदेश » गेंद से टूटा कांच, दो पक्षों में खूनी झड़प, दोनों तरफ से केस दर्ज

धार। (sunil yadav) जिले के पीथमपुर क्षेत्र के गणेश नगर में बच्चों के क्रिकेट खेलने के दौरान खिड़की का कांच टूटने की मामूली घटना ने बदे विवाद का रूप ले लिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया।

पीथमपुर थाना क्षेत्र में 22 मार्च की सुबह करीब 9:15 बजे गणेश नगर, घाटाबिल्लौद में यह विवाद हुआ। जानकारी के अनुसार बच्चों द्वारा क्रिकेट खेलते समय गेंद पड़ोसी की खिड़की के कांच पर जा लगी, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई।

पहले पक्ष के फरियादी मुकदर खान के अनुसार, कांच टूटने की बात को लेकर यूनुस और तोसीफ भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए लकड़ी से हमला कर दिया। इस दौरान मुकदर के सिर, हाथ और पैर में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे मेहमूद खान और मोमीन उर्फ मकसूद के साथ भी मारपीट की गई।

वहीं दूसरे पक्ष के फरियादी यूनुस खान का आरोप है कि जब वह बच्चों को समझाने गया तो मुकदर और उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। यूनुस के मुताबिक, मुकदर ने लकड़ी से सिर और पीठ पर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने भी लात-घूंसे से मारपीट कर उसे और उसके साथियों को घायल कर दिया।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जान से खत्म करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर धारा 294, 323, 506 और 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

>
error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!