madhyabharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » अवैध शराब पर आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार: 48 घंटे में 58 केस दर्ज, 31 आरोपी गिरफ्तार

अवैध शराब पर आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार: 48 घंटे में 58 केस दर्ज, 31 आरोपी गिरफ्तार

धार। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने एक बड़ा और विशेष अभियान शुरू किया है। आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी के चलते पिछले 48 घंटों के भीतर अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। इस विशेष मुहिम के तहत अब तक कुल 58 आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
दिन-रात गश्त और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश
आबकारी विभाग की टीमें इन दिनों बेहद मुस्तैद नजर आ रही हैं। विभाग द्वारा न केवल दिन में बल्कि रात के अंधेरे में भी सघन गश्त (नाइट पेट्रोलिंग) की जा रही है। जिले के संदिग्ध अड्डों, जंगलों, नदी किनारे चल रही हाथ भट्टी मदिरा के ठिकानों और ढाबों पर औचक दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही, बाहरी क्षेत्रों से शराब तस्करी रोकने के लिए जिले के प्रमुख रास्तों और चौकियों पर वाहनों की कड़ी चेकिंग की जा रही है।
लाखों की अवैध मदिरा और लहान नष्ट
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से भारी मात्रा में अवैध देशी-विदेशी शराब और हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई है। वहीं, अवैध रूप से मदिरा तैयार करने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए हजारों लीटर महुआ लहान को भी आबकारी और पुलिस टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया है।
आबकारी अधिकारियों का साफ कहना है कि जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह से लगाम कसी जा सके।
कंट्रोल रूम का बयान
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर लगातार अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। रात्रि में गस्त कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। साथ ही कई क्षेत्रों में अवैध शराब की निगरानी एवं दबिश दी जा रही है, यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कंट्रोल रूम प्रभारी, राजकुमार शुक्ला धार।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

आप चूक गए होंगे (You May Have Missed)

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!