madhyabharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 20 साल की नौकरी में कमाए 65 लाख, निकला 2.41 करोड़ से ज्यादा का ‘साम्राज्य’

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 20 साल की नौकरी में कमाए 65 लाख, निकला 2.41 करोड़ से ज्यादा का ‘साम्राज्य’

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने बुधवार को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। शुरुआती जांच में प्रबंधक के पास आय के ज्ञात स्रोतों से कई गुना अधिक संपत्ति और आलीशान निवेश का खुलासा हुआ है।
लोकायुक्त के अनुसार, शेरसिंह ठाकुर का करीब 20 साल का सेवाकाल रहा है, जिसमें उनकी अनुमानित वैध वेतन आय लगभग 65 लाख रुपये रही। इसके मुकाबले जांच टीम को करीब 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति और खर्च का पता चला है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, यह उनकी वैध आय से 271 प्रतिशत अधिक है।

तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश

लोकायुक्त इंदौर की अलग-अलग टीमों ने प्रबंधक के सोड़पुर, नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर एक साथ सर्च कार्रवाई की।

जांच के दौरान निम्नलिखित संपत्तियों और वाहनों का खुलासा हुआ है:

  • सोड़पुर में मकान: सोड़पुर में दो मंजिला आलीशान मकान।
  • व्यावसायिक भवन: नालछा में करीब 1,350 वर्ग फीट का एक व्यावसायिक भवन (कीमत करीब 20 लाख रुपये)।
  • कृषि भूमि (पत्नी के नाम): पत्नी कविता ठाकुर के नाम पर सोड़पुर में 0.645 हेक्टेयर (करीब 8 लाख रुपये) और मांडव में 2.526 हेक्टेयर (करीब 42 लाख रुपये) कृषि भूमि।
  • वाहन और मशीनरी: एक जेसीबी मशीन, एक ट्रैक्टर, दो कारें, एक बुलेट मोटरसाइकिल और अन्य कृषि उपकरण (कुल कीमत करीब 53 लाख रुपये)।
  • बेनामी संपत्ति: एक अन्य संदिग्ध भवन के बेनामी होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।

लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के निर्देशन में डीएसपी आनंद चौहान और इंस्पेक्टर्स की टीम दस्तावेजों और संपत्तियों के मूल्यांकन में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद संपत्ति का अंतिम आकलन सामने आएगा।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!