madhyabharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » बेखौफ बदमाश: दिनदहाड़े त्रिमूर्ति चौराहे से वर्कशॉप कर्मचारी का अपहरण, पुलिस ने घेराबंदी कर नालछा से 4 आरोपियों को दबोचा

बेखौफ बदमाश: दिनदहाड़े त्रिमूर्ति चौराहे से वर्कशॉप कर्मचारी का अपहरण, पुलिस ने घेराबंदी कर नालछा से 4 आरोपियों को दबोचा

धार। जिला मुख्यालय पर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें खाकी का कोई खौफ नहीं रह गया है। आज दोपहर शहर के व्यस्ततम त्रिमूर्ति चौराहे से बदमाशों ने दिनदहाड़े एक वर्कशॉप कर्मचारी का अपहरण कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, अपनी साख बचाने के लिए मुस्तैद हुई धार पुलिस ने चौतरफा घेराबंदी करते हुए महज कुछ ही घंटों में अपहृत युवक को सकुशल मुक्त करा लिया और चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

व्यस्त चौराहे पर फिल्मी अंदाज में वारदात —

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना आज दोपहर की है। त्रिमूर्ति चौराहे पर स्थित एक वर्कशॉप में काम करने वाले कर्मचारी को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाश फिल्मी अंदाज में आए और सरेराह कर्मचारी को जबरन उठा ले गए। दिनदहाड़े बीच शहर में हुई इस दुस्साहसिक वारदात की खबर आग की तरह फैली, जिसने पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा दिया।

पुलिस ने झोंकी ताकत, साइबर टीम की मदद से मिली कामयाबी —

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तुरंत अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने अपनी साख दांव पर देख कोतवाली थाना, नौगांव थाना और नालछा थाना पुलिस के साथ-साथ साइबर क्राइम टीम को भी काम पर लगा दिया।
साइबर टीम ने तुरंत तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल टावर लोकेशन खंगालना शुरू किया। पुलिस टीमों ने ‘टावर टोपी’ (लोकेशन ट्रेसिंग) कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया।

नालछा क्षेत्र से दबोचे गए आरोपी, जांच जारी —

तमाम थानों की मुस्तैदी और घेराबंदी का नतीजा यह रहा कि पुलिस ने बदमाशों को नालछा थाना क्षेत्र में घेर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत कर्मचारी को बदमाशों के चंगुल से सकुशल छुड़ा लिया। साथ ही मौके से अपहरण की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए चारों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच धार कोतवाली थाना लाया गया है, जहां पुलिस के आला अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं।

पुलिस के अनुसार महिला से बातचीत का मामला सामने आया है। जिसमें अपहरण कर्ताओं के द्वारा बताया गया कि उक्त व्यक्ति उनकी महिलाओं से फोन पर बातचीत करता था। जिसके कारण यह घटना घटित हुई।

बहरहाल, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाकर बड़ी वारदात को सुलझा लिया है, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

आप चूक गए होंगे (You May Have Missed)

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!