गुमटी हटाने के विवाद में तूफान गाड़ी पर पथराव, कट्टे से फायरिंग में एक घायल।
धार। जिले के थाना टाण्डा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोल्याबारी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ महज़ एक गुमटी हटाने की बात को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने न सिर्फ एक तूफान गाड़ी पर पथराव किया, बल्कि जान से मारने की नीयत से कट्टे से सीधे फायर झोंक दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
यह पूरी घटना 26 जून की रात करीब 11:30 बजे की है। ग्राम धावडदा के रहने वाले फरियादी कमलसिंह (31 वर्ष), पिता रमेश सोलंकी अपने साथी गोपाल और अन्य लोगों के साथ तूफान गाड़ी से जा रहे थे। तभी ग्राम कोल्याबारी से पूर्व दिशा में 10 किलोमीटर दूर मैंगीराणा मंदिर के पास, धावडदा के ही निवासी आरोपी मोहन पिता मैसु मेहडा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर गाड़ी को रोक लिया। गुमटी हटाने की पुरानी बात पर भड़के आरोपियों ने पहले गाड़ी पर पथराव किया और फिर जान से मारने की नीयत से कट्टे से गाड़ी के सामने से फायर कर दिया। गोलीबारी में तूफान गाड़ी में सवार गोपाल की ठुड्डी पर छर्रे लगने से वह लहूलुहान हो गया।
घटना 26 जून की रात की थी, लेकिन पुलिस में मामला 28 जून की शाम 06:26 बजे दर्ज हुआ। पुलिस के अनुसार, वारदात के तुरंत बाद घायल गोपाल (मजरूह) को इलाज के लिए राजगढ़ ले जाया गया था। घायल के उपचार और देखभाल के बाद जब फरियादी कमलसिंह थाना हाजिर हुआ, तब पुलिस ने उसकी रिपोर्ट पर मामला कायम किया।
टाण्डा पुलिस ने फरियादी कमलसिंह की शिकायत पर मुख्य आरोपी मोहन और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में ले लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए क्षेत्र में दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद से ग्रामीण इलाकों में कानून-व्यवस्था और अवैध हथियारों की धरपकड़ को लेकर पुलिसिया मुस्तैदी पर नजरें टिकी हुई हैं।

संबंधित समाचार ---
नानंदखेड़ा पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर धांधली; कागजों पर दिखे कार्य, जमीन पर कुछ नहीं
समाज के लिए उदाहरण बनी पत्नी, बीमारी से लड़ रहे पति के साथ कदम से कदम मिला कर दे रही चुनौती !
जमकर हुई मारपीट गाली-गलौज, दोनों पक्षों के 18 लोगों पर FIR दर्ज