madhyabharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » अवैध हथियारों के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा; 4 शातिर बदमाश हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार

अवैध हथियारों के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा; 4 शातिर बदमाश हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार

कार से 14 देशी पिस्टल और 5 मैगजीन जब्त, धार के चार तस्कर गिरफ्तार।

4.10 लाख के अवैध हथियार बरामद, तस्करी में इस्तेमाल 7 लाख की कार भी जब्त।

धार/खरगोन। खरगोन पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए धार जिले के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 14 देशी पिस्टल और पांच मैगजीन बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत करीब 4.10 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 7 लाख रुपए कीमत की कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ‘सावरिया सेठ’ लिखी सफेद कार (एमपी09 बीएच 6349) में सवार चार लोग खंडवा से गंधवानी की ओर अवैध हथियार लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कसरावद रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर कार से 14 देशी पिस्टल और पांच मैगजीन बरामद हुईं। आरोपियों के पास हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित गेहलोत, हर्ष राठौर, प्रितेश मौर्य और शिवराम मौर्य के रूप में हुई है। चारों धार जिले के निवासी हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मेनगांव थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।

हथियारों के स्रोत की तलाश —

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से खरीदे गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवराम मौर्य के खिलाफ उज्जैन और धार में पहले से भी मामले दर्ज हैं। जांच में हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!