madhyabharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » शहर में बेकाबू अतिक्रमण: त्योहारों से पहले थमने लगी रफ्तार, प्रशासन मौन!

प्रमुख चौराहों पर जाम का झाम, दुकानदारों की मनमानी और बेतरतीब पार्किंग से जनता हलाकान।

धार। दीपावली और आगामी त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। नगर के प्रमुख मार्गों पर एक तरफ जहाँ वाहनों का भारी दबाव पहले से ही बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ शहर के अधिकांश चौराहों पर सुबह से लेकर देर रात तक रेंगते वाहन और महाजाम की स्थिति आम हो जाती है। जिम्मेदारो की सुस्ती और आम जनता की लापरवाही के कारण शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली सड़कें अब सिकुड़ती जा रही हैं।

सड़कों पर सजे बाजार, फुटकर विक्रेताओं का कब्ज़ा —
यातायात प्रभावित होने का सबसे बड़ा कारण स्थानीय दुकान संचालकों की मनमानी है। त्योहारों के मद्देनजर मुनाफा कमाने की होड़ में कई रसूखदार और स्थानीय दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान दुकानों के भीतर रखने के बजाय प्रमुख मार्गों तक फैला दिया है। रही-सही कसर त्योहारों पर लगने वाले अस्थाई फुटकर विक्रेता पूरी कर रहे हैं, जिनकी दुकानें सीधे मुख्य सड़कों पर ही सज रही हैं। इसके चलते पैदल यात्रियों तक का निकलना दूभर हो गया है।
नो-पार्किंग जोन में बेतरतीब वाहन, नियमों की उड़ रही धज्जियां —
यातायात को ठप करने में बेतरतीब पार्किंग भी बड़ा रोड़ा बनी हुई है। आम जनता अपनी जिम्मेदारियों को भूलकर नो-पार्किंग क्षेत्रों, मोड़ों और व्यस्त चौराहों पर अपने दोपहिया और चार पहिया वाहन बेतरतीब से पार्क कर गायब हो जाती है। जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय पर चालानी कार्रवाई न किए जाने से इन वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं।
त्योहारी सीजन ‘प्रशासन’ से जनता के तीखे सवाल:
  • नगर के प्रमुख चौराहे अतिक्रमण से कब होंगे मुक्त?
    हर साल त्योहारों में यही स्थिति बनती है, तो प्रशासन पहले से कोई ठोस व स्थाई कार्ययोजना क्यों नहीं बनाता? क्या जनता को इस बार भी केवल जाम से ही जूझना पड़ेगा?
  • बोराबाखल क्षेत्र के अतिक्रमणकारी दुकानदारों पर कब होगी कार्रवाई?
    बोराबाखल सहित शहर के व्यस्ततम क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा सड़कों को घेरकर व्यापार किया जा रहा है। बार-बार ध्यान आकर्षित कराए जाने के बाद भी इस क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों पर अब तक कोई बड़ी या सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
  • लापरवाह चारपहिंया और दोपहिया वाहनों पर कब होगी चालानी कार्रवाई?
    मुख्य मार्गों और व्यस्ततम बाजारों में खड़े होने वाले वाहनों तथा गलत तरीके से पार्क किए गए दोपहिया वाहनों पर पुलिस और यातायात विभाग का डंडा कब चलेगा? क्या केवल कागजी नोटिस से ही व्यवस्था सुधरेगी?

जल्द कदम नहीं उठाए तो हालात होंगे बदतर —
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने सड़कों से अतिक्रमण हटाने और सख्त चालानी कार्रवाई करने का अभियान शुरू नहीं किया, तो त्योहारों के मुख्य दिनों में शहर पूरी तरह से ‘लॉक’ हो जाएगा।
अब देखना यह है कि कुंभकर्णी नींद में सोया प्रशासन कब जागता है और जनता को इस जाम के नरक से मुक्ति दिलाता है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!