madhyabharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » MP-11 धार » हुड़दंगियों पर बरसेगा कानून: रात में सड़कों पर उतरर यातायात विभाग, सघन चेकिंग अभियान शुरू

हुड़दंगियों पर बरसेगा कानून: रात में सड़कों पर उतरर यातायात विभाग, सघन चेकिंग अभियान शुरू

अभिभावक सावधान! 18 से कम उम्र के बच्चों ने सड़कों पर मचाया हुड़दंग, तो खैर नहीं; रात में चलेगा विशेष गश्त अभियान।

धार। त्योहारों के मद्देनजर शहर की कानून और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए यातायात विभाग ने कमर कस ली है। सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले, स्टंट करने वाले और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विभाग द्वारा एक ‘सघन चेकिंग एवं रात्रि गश्त अभियान’ शुरू किया गया है। इस विशेष अभियान की कमान खुद यातायात थाना प्रभारी (TI) प्रेम सिंह ठाकुर, दीपिका डावर और राहुल सिंह चंदेल सहित पूरा यातायात स्टाफ संभाल रहा है।
यातायात पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़कों पर होने वाले हादसों को रोकना है।
इन पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर —
  • नाबालिग हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई: 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे जो सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हैं, बुलेट से कर्कश आवाज या पटाखे छोड़ते हैं, उनके खिलाफ सीधे कानूनी एक्शन लिया जाएगा। उनके अभिभावकों पर भी भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।
  • तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग) और बिना हेलमेट पर तुरंत एक्शन: दुपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों और बिना हेलमेट के जान जोखिम में डालने वालों को पुलिस बिल्कुल नहीं बख्शेगी। ऐसे वाहनों को मौके पर ही रोककर भारी-भरकम चालान काटे जाएंगे।
  • शराब पीकर वाहन चलाने वालों की खैर नहीं (Drunken Driving): देर शाम और रात के समय पुलिस ब्रीथ एनालाइजर (Breath Analyzer) के साथ सड़कों पर मुस्तैद रहेगी। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के वाहन तुरंत जब्त किए जाएंगे और उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है।
  • रात में होगी विशेष गश्त (Night Patrolling): शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील रास्तों और बाजारों के एंट्री पॉइंट्स पर यातायात स्टाफ रात के समय सघन चेकिंग प्वाइंट्स बनाकर मुस्तैद रहेगा।
यातायात थाना प्रभारी प्रेम सिंह ठाकुर, दीपिका डावर और राहुल सिंह चंदेल की अपील:
यातायात अधिकारियों ने आम जनता और विशेषकर अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी हाल में वाहन न सौंपें। साथ ही, त्योहारों के इस उल्लास में यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, हेलमेट लगाएं और जिम्मेदार नागरिक की तरह सुरक्षित सफर करें। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!