Home » मध्यप्रदेश » पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: गश्त टीम ने चंद घंटों में दबोचा ‘वाकडी’, 15 केसों में वांटेड निगरानी बदमाश

पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: गश्त टीम ने चंद घंटों में दबोचा ‘वाकडी’, 15 केसों में वांटेड निगरानी बदमाश

अनाज व्यापारी की दुकान में से उड़ाए थे 50 हजार; पुलिस ने 40 हजार का मशरूका बरामद किया।

​धार। कुक्षी शहर की गश्त टीम की सक्रियता से पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। अनाज की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे शातिर और निगरानी बदमाश हेमंत उर्फ वाकडी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इतना शातिर है कि उस पर पहले से ही अलग-अलग थानों में 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

​शटर चटकाकर गल्ले से साफ की थी नकदी —

​गायत्री कॉलोनी निवासी अनाज व्यापारी अक्षय डुंगस्वाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल की रात वे अपनी अलीराजपुर रोड स्थित दुकान बंद कर घर गए थे। अगली सुबह जब दुकान खोली तो पैरों तले जमीन खिसक गई। अज्ञात चोर ने दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद, गुरु राजेंद्रसूरीश्वरजी महाराज की प्रतिमा अंकित चांदी का सिक्का, माता जी के सिक्के, लॉकेट और जरूरी दस्तावेज पार कर दिए थे।

​गश्त टीम की सतर्कता आई काम —

चोरी की सूचना मिलते ही एसपी मयंक अवस्थी और एएसपी विजय डावर के निर्देशन में थाना प्रभारी राजेश यादव ने गश्त टीमों को अलर्ट किया। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने जोशी गली निवासी 20 वर्षीय हेमंत उर्फ वाकडी को धरदबोचा।

​पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद किया:

• ​नकदी: 30,120 रुपये
• ​चांदी: 03 सिक्के और स्वर्ण रंग का लॉकेट
• ​दस्तावेज: फरियादी के जरूरी कागजात (कुल मशरूका कीमत करीब 40 हजार रुपये)

​इलाके का ‘सिरदर्द’ है आरोपी वाकडी —

​पकड़ा गया आरोपी हेमंत मूल रूप से पटेतपुरा (आवली) का निवासी है और कुक्षी थाने का सूचीबद्ध निगरानी बदमाश है। उस पर चोरी और अन्य अपराधों के कुल 15 केस दर्ज हैं। वह आसपास के जिलों में भी सक्रिय रहकर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब रिमांड लेकर उससे अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

​इनकी रही मुख्य भूमिका: उक्त मामले का खुलासा करने में टीआई राजेश यादव, सउनि चंचलसिंह चौहान, प्रआर प्रमोद डागा, सतीश जरिया, सोनू चौहान, आरक्षक विपिन यादव, शाहदर और संदीप का विशेष योगदान रहा।

फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है, पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!