madhyabharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » नपा की लापरवाही ने दी हादसे को दावत: कोर्ट रोड पर टूटे चेंबर में गिरी किसान की कार

नपा की लापरवाही ने दी हादसे को दावत: कोर्ट रोड पर टूटे चेंबर में गिरी किसान की कार

धार में बड़ा हादसा टला: कोर्ट रोड पर खुले पड़े टूटे चेंबर में फंसी किसान की कार।

बोवनी के लिए चना बीज लेने जा रहा था किसान; नपा की अनदेखी पर भड़के रहवासी, सुरक्षा इंतजाम न होने से बढ़ा खतरा।

धार। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शुमार कोर्ट रोड पर शुक्रवार को नगर पालिका की लापरवाही के चलते एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कृषि फार्म के समीप सड़क किनारे बने एक क्षतिग्रस्त और खुले चेंबर में किसान की कार का पहिया जा धंसा। गनीमत यह रही कि वाहन की रफ्तार धीमी थी, जिससे किसान बाल-बाल बच गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
बिना संकेतक और बैरिकेड के खुला पड़ा था चेंबर
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र का एक किसान रबी की बोवनी के लिए चने का बीज लेने कोर्ट रोड स्थित कृषि फार्म की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर बने चेंबर का ढक्कन टूटा होने के कारण कार का अगला पहिया सीधे गड्ढे में जा गिरा और वाहन बुरी तरह फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चेंबर लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन नपा प्रशासन द्वारा वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग की गई है।
नपा की कार्यप्रणाली पर फूटा लोगों का गुस्सा
हादसे की आवाज सुनकर मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकलवाने में मदद की। इस घटना को लेकर रहवासियों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ खासा आक्रोश देखा गया। नागरिकों का कहना है कि कोर्ट रोड जैसे प्रमुख मार्ग पर दिनभर वाहनों और आमजन की आवाजाही बनी रहती है। यदि रात के समय या तेज रफ्तार में कोई दोपहिया वाहन इस चेंबर की चपेट में आ जाता, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
तत्काल मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि कोर्ट रोड सहित शहर के अन्य मार्गों पर खुले पड़े या टूटे हुए चेंबरों का तत्काल सर्वे कर उनकी मरम्मत करवाई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!