madhya bharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » ट्रैफिक जाम बना नासूर, त्योहारों पर खुली यातायात व्यवस्था की पोल

मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ा, सड़क तक पसरा अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग बनी जाम की बड़ी वजह।

कुक्षी/धार। (बाग लक्की जाजू) त्योहारों का उत्साह जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे बाग नगर की यातायात व्यवस्था भी चुनौती बनती जा रही है। नगर के मुख्य मार्ग पर बढ़ते वाहनों के दबाव, सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग, दुकानों का सामान सड़क तक फैलने और सड़क पर ही माल उतारने के कारण आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले गुरुवार शाम लोहार फलिया क्षेत्र में करीब 20 मिनट तक लगे लंबे जाम ने व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।

थाने से महज 50 मीटर दूर लगा जाम —

गुरुवार शाम लोहार फलिया क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही अचानक बाधित हो गई। बताया गया कि थाने से करीब 50 मीटर की दूरी पर मुख्य मार्ग पर एक चार पहिया वाहन खड़ा कर उसमें लदा व्यापारिक सामान सड़क पर ही उतारा जा रहा था। इससे मुख्य मार्ग का लगभग आधा हिस्सा बाधित हो गया।

वहीं, साई सिटी कॉलोनी के गेट के समीप यातायात सुरक्षा के लिए बैरिकेड्स लगाए जाने के बावजूद वाहन को सड़क पर खड़ा कर सामान उतारे जाने से दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई। कुछ ही देर में वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 20 मिनट बाद वाहन हटाए जाने पर यातायात सामान्य हो सका।

त्योहारों में बढ़ जाता है वाहनों का दबाव —

त्योहारों के दौरान बाग नगर के मुख्य बाजार और मार्गों पर सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के साथ चार पहिया वाहनों की आवाजाही बढ़ने से सड़क पर दबाव और अधिक हो जाता है।

इसके साथ ही दुकानों का सामान सड़क तक आ जाना, घरों और दुकानों के सामने वाहनों की बेतरतीब पार्किंग तथा माल उतारने के लिए मुख्य मार्ग पर ही वाहन खड़ा करना यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है।

पैदल राहगीरों और दोपहिया चालकों की बढ़ी परेशानी —

जाम की स्थिति में सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ती है। संकरे मार्ग और दोनों ओर खड़े वाहनों के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में जरूरी सेवाओं और आपातकालीन वाहनों के आवागमन को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

जिम्मेदारों को त्योहारों से पहले बनानी होगी ठोस व्यवस्था —

नगरवासियों का कहना है कि त्योहारों को देखते हुए मुख्य मार्ग पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की जरूरत है। भीड़ वाले समय में यातायात नियंत्रण, चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर आवश्यक निगरानी, सड़क पर माल उतारने वाले वाहनों के लिए निर्धारित स्थान और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की व्यवस्था की जानी चाहिए।

साथ ही दुकानदारों को भी अपनी दुकानों का सामान सड़क की सीमा से बाहर नहीं रखने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाने की आवश्यकता है। यातायात व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि व्यापारियों और वाहन चालकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

त्योहार खुशियों के लिए, जाम के लिए नहीं —

त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ और वाहनों का बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन बेहतर यातायात प्रबंधन से अव्यवस्था को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। जरूरत है कि जिम्मेदार विभाग त्योहारों से पहले ही ठोस यातायात योजना तैयार कर उसका प्रभावी पालन करवाएं, ताकि बाग नगर के मुख्य मार्ग पर बार-बार लगने वाले जाम से आमजन को राहत मिल सके।

अब सवाल यही है कि जब त्योहारों के दौरान यातायात का दबाव पहले से तय है, तो व्यवस्था को लेकर स्थायी और प्रभावी कदम कब उठाए जाएंगे?

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!