madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » कांग्रेसियों का उपद्रव: नपा दफ्तर में तोड़फोड़ और टीआई पर हमला

युवा कांग्रेस अध्यक्ष सहित 12 पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज।

धार। धार शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में 18 जून को दोपहर के समय नगर पालिका परिसर में दूषित पानी की आपूर्ति के विरोध में आयोजित एक प्रदर्शन ने बेहद उग्र और हिंसक रूप ले लिया।

आपको बता दें कि धार जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कामदार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिलाओं की भारी भीड़ ने नपा परिसर में घुसकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने न केवल सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचाया बलकि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के कक्ष का दरवाजा भी तोड़ दिया, इतना नहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी पर घड़े से हमला भी किया, जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

दरअसल, शहर के विभिन्न वार्डों में पिछले कुछ दिनों से आ रहे गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई के खिलाफ युवा कांग्रेस ने लालबाग से एक पैदल मार्च निकाला था। प्रदर्शनकारी हाथों में गंदे पानी की बोतलें और मिट्टी के घड़े लेकर नपा कार्यालय पहुंचे थे। परिसर में पहुंचते ही विरोध प्रदर्शन ने हिंसक मोड़ ले लिया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के पास नपा गेट के सामने मिट्टी के घड़े फेंकने शुरू कर दिए। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश कर रहे नौगांव थाना प्रभारी (टीआई) हिरुसिंह रावत के सिर पर एक घड़ा दे मारा, जिससे वह फूट गया। हालांकि, टीआई रावत को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

यही नहीं, प्रदर्शन के नाम पर कानून-व्यवस्था को ताक पर रखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता और कुछ महिलाएं जबरन सीएमओ कक्ष के भीतर घुस गए। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में सीएमओ कक्ष का मुख्य दरवाजा टूट गया। कक्ष के अंदर घुसकर कार्यकर्ताओं ने सीएमओ के सामने अनर्गल नारेबाजी की और सरकारी कामकाज में गंभीर व्यवधान पैदा किया। कुछ कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को चूड़ियां पहनाने की भी अमर्यादित कोशिश की।

स्थिति को बिगड़ता देख कोतवाली और नौगांव पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया। महिलाओं का आरोप था कि लिखित और मौखिक शिकायतों के बावजूद अधिकारी दूषित पानी की समस्या को दूर नहीं कर रहे हैं, जिससे बच्चे बीमार हो रहे हैं।

शासकीय कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की इस गंभीर घटना के बाद, सीएमओ की लिखित शिकायत पर धार पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना कोतवाली धार में अपराध क्रमांक 338/2026 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उक्त मामले में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कामदार सहित कृष्णा पंवार, परितोष राठौर, बंटी डोड, टोनी छाबड़ा, हेमराज सुजान, गणेश खेर, सिद्धार्थ भूरिया, जितेन्द्र चौहान, वाकिफ मोहम्मद, सुनील चौहान और मोहन डामोर को नामजद किया गया है।

इन सभी जनता की आवाज उठाने वाले प्रदर्शनकारिर्यों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 221, 324(2), 351(3) और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस घटना के बाद शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। धार पुलिस ने स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाते हुए अपील जारी की है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। नगर पालिका कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो रिकॉर्डिंग का तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है, ताकि हंगामा करने वाले अन्य चेहरों की पहचान की जा सके।

पुलिस की इस निष्पक्ष और सख्त विवेचना से साफ है कि आने वाले दिनों में सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां या नए आरोपियों के नाम ओर सामने आ सकते हैं।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!