कुक्षी/धार। (लक्की जाजू) रोहित झंवर अध्यक्ष एवं अंकित झंवर सचिव बने, FarmGate की खरीदी व नगद भुगतान की समस्या को लेकर उठी आवाज।
अनाज व्यापारी एसोसिएशन, बाग (धार) मध्यप्रदेश की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के अनाज व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से एसोसिएशन की नवीन समिति का मनोनयन किया गया।
बैठक में रोहित झंवर को अध्यक्ष एवं अंकित झंवर को सचिव मनोनीत किया गया। वहीं ब्रजमोहन जाजू को संरक्षक बनाया गया।
कार्यकारिणी समिति में विमलेश डांगरा, प्रवीण जाजू, पल्लव अगाल, धर्मेंद्र जायसवाल, रजत मानधन्या, आतुर लड्ढा, आयुष भावसार एवं भावेश अगाल को शामिल किया गया।
नवीन समिति के गठन के बाद पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनके निराकरण के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही।
FarmGate की खरीदी व्यवस्था पर गंभीर चर्चा
बैठक में वर्तमान समय में व्यापारियों के सामने FarmGate एप्लिकेशन के माध्यम से किसानों से कृषि उपज की खरीदी के दौरान नगद भुगतान को लेकर आ रही समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि किसान अपनी उपज की खरीदी के समय भुगतान को लेकर कई बार नगद राशि की आवश्यकता व्यक्त करते हैं, लेकिन FarmGate की वर्तमान व्यवस्था के कारण व्यापारियों के सामने व्यावहारिक परेशानियां उत्पन्न हो रही हैं।
व्यापारियों ने कहा कि किसान और व्यापारी दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए FarmGate की भुगतान व्यवस्था को व्यावहारिक एवं सरल बनाया जाना आवश्यक है। इस समस्या के समाधान के लिए एसोसिएशन द्वारा जागरूकता के साथ संगठित रूप से प्रयास करने तथा संबंधित अधिकारियों एवं शासन स्तर तक समस्या को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों से होने वाली कृषि उपज की खरीदी एवं भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे किसानों को समय पर भुगतान मिले और व्यापारियों को भी नियमानुसार सुचारु रूप से व्यापार करने में सुविधा हो।
सहभोज का आयोजन
बैठक के पश्चात व्यापारियों के बीच आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बढ़ाने के उद्देश्य से सहभोज का आयोजन किया गया। इसमें एसोसिएशन से जुड़े बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने नवीन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग का विश्वास दिलाया।

संबंधित समाचार ---
दामाद बना ससुर का कातिल, चाकू से की हत्या
छात्रावास में बदहाली का आलम, बच्चों की थाली में निकले कीड़े
जहरीली शराब कांड, आबकारी विभाग की अनदेखी और गंभीर लापरवाही का आलम मौत