ससुर की चाकू मारकर हत्या, पत्नी व दादी सास गंभीर घायल।
धार। (रवि परमार) ससुराल में पत्नी को लेकर शुरू हुई सामान्य सी तकरार चंद पलों में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। गृहस्थी बसाने की जिद पर अड़े दामाद के सिर पर इस कदर खून सवार हुआ कि उसने रिश्ते और मर्यादाएं ताक पर रख पूरे ससुराल पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। इस ताबड़तोड़ वार में ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आईं पत्नी और बुजुर्ग दादी सास लहूलुहान हो गईं।
आपको बता दे कि सनसनीखेज वारदात नालछा थाना क्षेत्र के ग्राम बगड़ी में शुक्रवार, 11 सितंबर की दोपहर करीब सवा तीन बजे घटी। अमझेरा थाना अंतर्गत ग्राम मांगोद निवासी आरोपी अजय पिता कन्हैयालाल परमार अपने ससुराल बगड़ी पहुंचा था। वहां पत्नी को साथ ले जाने की बात को लेकर उसका परिवार वालो से विवाद हो गया। आवेश में आकर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपने 42 वर्षीय ससुर महेश पिता प्रहलाद परमार के साथ मारपीट की और चाकू घोंपकर उनकी जान ले ली। हमले के दौरान जब आरोपी की पत्नी कोमलबाई (20) और दादी सुगन बाई (60) बचाने दौड़ीं, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से प्रहार कर गंभीर चोट पहुंचाई और जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला।
घटना के बाद गांव में मचा हड़कंप —
मामले में फरियादी रवि पिता समंदरसिंह परमार (31) की शिकायत पर नालछा थाना पुलिस ने रात 11:52 बजे आरोपी अजय परमार के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, गाली-गलौज और धमकी देने सहित बीएनएस की धारा 103(1), 296(a), 351(2), 115(2) और 118(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजकर आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश शुरू कर दी है।
दांपत्य विवाद में हुए इस जघन्य हत्याकांड के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।

संबंधित समाचार ---
अनाज व्यापारी एसोसिएशन की बैठक संपन्न, नवीन समिति का सर्वसम्मति से मनोनयन
छात्रावास में बदहाली का आलम, बच्चों की थाली में निकले कीड़े
जहरीली शराब कांड, आबकारी विभाग की अनदेखी और गंभीर लापरवाही का आलम मौत