madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » वाहन के द्वारा जान से मारने का प्रयास, लाठी डंडों से भी हमला

पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला, 307 में प्रकरण दर्ज, आरोपी फरार।

धार। धार जिला अंतर्गत नौगाँव थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। हनुमान मंदिर के पास गरबा चौक पर घात लगाए बैठे हमलावरों ने एक युवक पर न सिर्फ गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, बल्कि उसे घेरकर लोहे की रॉड, हॉकी और बेसबॉल बैट से लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

जानबूझकर गाड़ी को मारी टक्कर और फिर खूनी खेल —

मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार (11 जून 2026) दोपहर करीब 2:00 बजे की है। पाडलिया निवासी 32 वर्षीय सचिन ठाकुर पिता कमल ठाकुर अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। तभी नौगाँव धार के रहने वाले रणवीर, नारायण और अरुण उर्फ अरविंद ने अपनी स्कार्पियो गाड़ी (नंबर MP 09 DT 0025) से सचिन की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि सचिन सड़क पर जा गिरे।

घेरकर बरसाए ताबड़तोड़ वार —

टक्कर मारने के बाद भी जब आरोपियों का मन नहीं भरा, तो वे जान से मारने की नियत से गाड़ियों से नीचे उतरे और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी रणवीर ने हाथ में ली हुई लोहे की रॉड से सचिन पर ताबड़तोब वार किए, जिससे सचिन के दोनों पैरों के घुटनों के नीचे, दाहिने हाथ की कलाई और पंजे पर गंभीर चोटें आईं। इसी बीच आरोपी नारायण और अरुण ने भी मोर्चा संभाल लिया। नारायण ने हॉकी और अरुण ने बेसबॉल बैट से सचिन को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस बर्बर हमले में युवक के बाएं हाथ, बाएं कंधे, कोहनी, दोनों जांघों, पीठ और सिर के बाईं तरफ गंभीर चोटें आई हैं।

आरोपियों पर इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा —

घटना की सूचना मिलते ही नौगाँव पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने फरियादी सचिन ठाकुर की शिकायत पर तीनों नामजद आरोपियों रणवीर पिता गोपाल ठाकुर, नारायण पिता मुकेश ठाकुर, अरुण उर्फ अरविंद पिता भेरवान ठाकुर के खिलाफ धाराएं (BNS) 109(1) (हत्या का प्रयास), 296(a) (अश्लील कार्य/गाली-गलौज), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), और 3(5) (सामान्य आशय) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

नौगांव टीआई हीरूसिंह रावत ने बताया कि तीनाें आरोपी अभी फरार है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!