धार। स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध गोवंश के परिवहन पर एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे गोवंश से भरे एक ट्रक को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस वाहन में एक गाय मृत अवस्था में भी पाई गई है।
गोरक्षक दल की सूचना पर कार्रवाई —
जानकारी के अनुसार, 12 जून 2026 को गोरक्षक दल के सदस्यों को एक संदिग्ध ट्रक के संबंध में सूचना मिली थी। दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक क्रमांक HR 55 X 7693 को रोका और उसे कोतवाली थाना धार लेकर आए। जब पुलिस ने वाहन की सघन तलाशी ली, तो उसमें 12 जीवित गायें, एक बछड़ा और एक मृत गाय बेहद क्रूरता और बेरहमी के साथ भरे हुए पाए गए।
हरियाणा से कर्नाटक जा रहा था ट्रक —
पुलिस हिरासत में लिए गए ट्रक चालक हैप्पी (34 वर्ष) पिता रमेश जाट, निवासी सिंगपुरा (जींद, हरियाणा) और हेल्पर मोहम्मद जुनेद पिता कासिम मोहम्मद, निवासी बनी सराय कॉलोनी (मेरठ, उत्तर प्रदेश) से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे इस गोवंश को हरियाणा से कर्नाटक की तरफ बेचने और काटने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। वैध दस्तावेज और परिवहन अनुमति पत्र मांगे जाने पर आरोपी कोई भी कागज पेश नहीं कर सके।
कठोर धाराओं में मामला दर्ज —
धार कोतवाली पुलिस ने मौके के तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 6(क)/9 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)घ के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गोवंश परिवहन और पशु क्रूरता के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इनकी रही सराहनीय भूमिका —
इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में धार कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) सुनील कुशवाह, आरक्षक दिनेश वर्डे और आरक्षक 1054 रूपेश का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।
संबंधित समाचार ---
घेराबंदी कर दबोचा, मारपीट के मामले में मुख्य आरोपी सहित दो आरोपी गिरफ्तार
वाहन के द्वारा जान से मारने का प्रयास, लाठी डंडों से भी हमला
पुलिस को खुली चुनौती, चोरों के हौसले बुलंद, जिले में कमजोर होती पुलिसिंग