इंदौर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर आए। देवी अहिल्या विवि में आयोजित कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कुलपति को कुलगुरु कहने की नींव इंदौर में ही पड़ी। तब मैं उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में इंदौर आया था। गुरु जीवन में प्रकाश फैलाते हैं, इसलिए कुलपति को कुलगुरु कहने का प्रस्ताव बनाया। सरकार ने कुलपति के नाम बदलकर कुलगुरु किए हैं। उसी भाव को लाने के लिए गुरु पूर्णिमा पर्व पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। शिक्षक दिवस, गुड़ी पड़वा की तरह गुरु पूर्णिमा पर्व भी पूरे प्रदेश में हर साल मनाया जाएगा।
गुरु के नाम पर पाकिस्तान को ऐसे घेरा —
उन्होंने सांदीपनि के उदाहरण को समझाया। कहा कि यम जाति के लोगों ने उन्हें अपने बच्चों की शिक्षा के लिए पकड़ लिया था। वे कंस से परेशान होकर तीर्थाटन पर निकले थे। तब गुजरात के जामनगर के लोगों ने उन्हें रोक लिया। वहां हथियारबंद लोग हुआ करते थे। शिक्षा से उनका नाता नहीं था, इसलिए उन्होंने गुरु सांदीपनि को वहीं रोकने की कोशिश की। कहा कि हमारे बच्चों को शिक्षा दो।
उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया जैसे हमारे देश का कोई परमाणु वैज्ञानिक पाकिस्तान की बॉर्डर से निकले तो पाकिस्तान के लोग पकड़ लेंगे। ठीक इसी तरह गुरु सांदीपनि को जाम नगर के लोगों ने पकड़ लिया। लेकिन सांदीपनि ने इनकार किया तो उनके बेटे को पकड़ लिया। इसके बाद सांदीपनि उज्जैन आए।
कुलपति ने विवि के 60 साल का इतिहास बताया
इससे पहले DAVV कुलपति डॉ. रेणु जैन ने विवि के 60 के इतिहास के बारे में बताया। कहा कि यहां से पढ़े विद्यार्थी पूरी दुनिया में ज्ञान का प्रकाश फैला रहे हैं।
इस अवसर पर जीवाजी विवि के पूर्व कुलगुरु प्रो. पीवी सक्सेना को सीएम ने सम्मानित किया। फिजिक्स के पूर्व कुलपति और विभागाध्यक्ष प्रो. आशुतोष मिश्रा, केमेस्ट्री के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक शर्मा, प्रो. पीएन मिश्रा, प्रो.दीपक भटनागर, प्रो. केएन गुरुप्रसाद, प्रो. मंदिरा बैनर्जी का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, अपर मुख्य सचिव केसी गुप्ता, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, विधायक मधु वर्मा, मालिनी गौड़, उषा ठाकुर, गोलू शुक्ला, संभागायुक्त दीपकसिंह, पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता, कलेक्टर आशीष सिंह भी मौजूद हैं।
काफिला रुकवाकर महिला से की चर्चा —
रविवार को इंदौर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने रामचंद्र नगर में अपना काफिला रुकवाकर सड़क किनारे भुट्टे का ठेला लगाने वाली बुजुर्ग महिला से के पास पहुंचे।
बुजुर्ग महिला से चर्चा कर सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और भुट्टे खाए। इस दौरान सीएम यादव ने अधिकारियो को महिला का पता नोट करने व सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिये।
इंदौर की तनिष्का को मुख्यमंत्री ने दिया आशीर्वाद
मध्य प्रदेश की सबसे कम उम्र में यूके लंदन से डबल ग्रेजुएशन करने वाली होनहार छात्रा तनिष्का सुजित ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी से भेंट की। इस मुलाकात में तनिष्का को मुख्यमंत्री जी से स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री ने तनिष्का की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और उज्जवल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा तनिष्का जैसी प्रतिभाशाली बेटियां न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। सांसद शंकर लालवानी भी इस अवसर पर उपस्थित थे और उन्होंने तनिष्का को आगे की उन्नति के लिए ढेर सारी बधाई दी।
ताजा समाचार (Latest News)
नाइट्रोजन ठंडी गैस ने ली एक 7 वर्षीय मासूम की जान, झुलसने से मौत
पुलिस की त्वरित कार्यवाही, टोल कर्मचारियों को भेजा जेल
मीडिया के हस्तक्षेप के बाद पुलिस को सुनाई दी फरियाद!